राजनांदगांव

कांग्रेस से चंद्रकला, भाजपा से सरिता ने पर्चा भरा
03-Dec-2021 6:05 PM
कांग्रेस से चंद्रकला, भाजपा से सरिता ने पर्चा भरा

वार्ड 17 के उपचुनाव में दोनों प्रत्याशियों ने किए जीत के दावे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर।
नगर निगम वार्ड नं. 17  के उपचुनाव के लिए अंतिम दिन शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रकला देवांगन ने संगठन और सत्ता के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में विधिवत रूप से नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के समक्ष दाखिल किया। वहीं भाजपा ने भी नामांकन जमा करने के आखिरी दिन तमाम अटकलों से परे सरिता सिन्हा को प्रत्याशी के तौर पर नामांकन जमा कराया।

पार्षद पद के लिए कांग्रेस ने श्रीमती देवांगन को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं भाजपा ने सरिता सिन्हा को उम्मीदवार बनाया। आगामी  20 दिसंबर को वार्ड में मतदान प्रस्तावित है। वहीं 23 दिसंबर को चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।

नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस की वार्ड चुनाव प्रभारी व महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि चुनाव के लिए जल्द ही पूरी टीम काम करेगी। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति काम नहीं करेगा, बल्कि टीम कार्य करेगी। इसकी तैयारी करेंगे। उन्होंने कहा कि टीम की ड्यूटी तुलसीपुर वार्ड में लगाई जाएगी और लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार कार्यकर्ता काम करेंगे। साथ ही प्रत्याशी के लिए प्रचार-प्रसार का काम किया जाएगा। महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि जो संघर्ष करेगा उसकी जीत निश्चित रूप से होगी। मेहनत हमेशा काम आता है। उन्होंने कहा कि शोभा सोनी के निधन को आज एक साल से ऊपर हो चुका  है। श्रद्धांजलि दी जा चुकी है। श्रद्धांजलि में हम सम्मान करते हैं, उसे हम कार्य से नहीं जोड़ते हैं। भाजपा की अलग और कांग्रेस की अलग नीति है। निश्चित रूप से कांग्रेस जीतकर आएगी।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रकला देवांगन ने कहा कि  संगठन हमारे साथ है। पार्टी एक है, परिवार में यह होते रहता है, यह विपक्ष का कहना है। हमें नहीं लगता परिवार में गुटबाजी है। वार्ड में नाली, बिजली, पानी समेत अन्य समस्याएं हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने के दौरान महापौर हेमा देशमुख, कुलबीर छाबड़ा, जितेन्द्र मुदलियार, विवेक वासनिक, मेहुल मारू, हरिनारायण धकेता, श्रीकिशन खंडेलवाल, अमित चंद्रवंशी, महेश साहू, सूर्यकांत जैन, आसिफ अली, चेतन भानुशाली, अमित कुशवाहा, शरद पटेल समेत अन्य लोग मौजूद थे।

इधर भाजपा से वार्ड नं. 17 के पार्षद पद की प्रत्याशी सरिता सिन्हा ने कहा कि वह गृहणी है और सेवा करने  के उद्देश्य से पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरी हूं। उन्होंने कहा कि शोभा सोनी के सपने और लक्ष्य को वह पूरा करने की कोशिश करेंगी। इस दौरान  किशुन यदु, शरद सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news