गरियाबंद

भाजपा करेगी बूथ और शक्ति केन्द्रों में फोकस-कविन्द्र
04-Dec-2021 5:53 PM
भाजपा करेगी बूथ और शक्ति केन्द्रों में फोकस-कविन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 4 दिसंबर।
भारतीय जनता पार्टी मगरलोड मंडल की कार्यसमिति बैठक मंगलवार को ग्राम छिपली में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला महामंत्री कविन्द्र जैन ने मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों को संगठन के आगामी कार्ययोजना के विषय मे विस्तार से बताते हुये कहा कि भाजपा का फोकस अब बूथ एवं शक्तिकेन्द्रों पर है।

भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 25 कार्यकर्ताओं की समिति गठित की है जिसमे बूथ अध्यक्ष, बूथ सचिव, बूथ लेवल एजेंट, बूथ पालक के साथ साथ एक महिला तथा एक युवा प्रतिनिधि सहित 6 सदस्य की कोर कमेटी भी है। पार्टी ने 3 से 4 बूथों को मिलाकर एक शक्तिकेन्द्र की संरचना की है जिसके लिये एक प्रभारी एवं संयोजक सह संयोजक भी बनाये गए हैं। साथ ही जिला एवं मंडल स्तर पर भाजपा ने 7 मोर्चों की कार्यकारिणी का गठन किया है और जिला स्तर पर 14 प्रकोष्ठ भी बन चुके हैं। संगठन के इन सभी अंगों का सत्यापन का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। सभी स्तर पर कार्यकर्ताओं की जानकारी सरल पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।

दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में विधानसभा स्तर पर शक्तिकेन्द्र संयोजक एवं सहसंयोजकों का सम्मेलन होगा। श्री जैन ने बताया कि सिहावा विधानसभ के सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में रायपुर के सांसद सुनील सोनी उपस्थित रहेंगे। साथ ही पार्टी का लक्ष्य है कि 6 अप्रैल तक पन्ना प्रमुखों का भी गठन कर लिया जायेगा।

श्री जैन ने नगरीय निकायों में होने वाले उपचुनाव के लिये कार्यकर्ताओं में जोश फूंका। मंडल प्रभारी राजेन्द्र गोलछा ने बताया कि पार्टी संगठन द्वारा निर्देशित समस्त कार्य मगरलोड मण्डल में बखूबी संपन्न होते हैं। आगे भी संगठन द्वारा प्रदत्त सभी कार्यों को मंडल के द्वारा समय पर संपन्न कराया जायेगा। बैठक को महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती बीथिका विश्वास ने भी संबोधित किया।

उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कमल सखी के रूप में महिलाओं की समिति के गठन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मंडल अध्यक्ष विजय यदु ने अध्यक्षीय उद्बोधन में पिछली कार्यसमिति के बाद से अभी तक किये गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रामायण सिन्हा ने किया आभार प्रदर्शन महामंत्री यवन कुमार ने किया।

बैठक में मुख्य रूप से नरेश सिन्हा,भीखम सेन, प्रेमलता नागवंशी, शत्रुघ्न साहू, चेतन साहू, झमित सिन्हा, हेमलता यादव, राखी साहू, पवित्रा दीवान, सीमा चौबे, रोहित यदु, हिरंजय साहू, खिलेश साहू, मिलन नेताम, ओंकार साहू, प्रयागदास वैष्णव, घनश्याम साहू, ईशु साहू, लोकेश साहू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news