राजनांदगांव

वृंदावन गौठान ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में हो रहा विकसित - प्रदीप
05-Dec-2021 5:43 PM
वृंदावन गौठान ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में हो रहा विकसित - प्रदीप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 दिसंबर।
मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार प्रदीप शर्मा ने शनिवार को ग्राम अंजोरा के वृंदावन गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वर्मी कम्पोस्ट, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजनांतर्गत वृक्षारोपण, मशरूम शेड, मछली पालन, सामुदायिक बाड़ी में गेंदा, पपीता, अमरूद की खेती तथा बाड़ी में साग-सब्जी के फसल का अवलोकन किया।

श्री शर्मा ने कहा कि अंजोरा का वृंदावन गौठान सुंदर गौठान है। इस गौठान को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करना है। गौठान को आधारभूत संरचना से नागरिक कार्य योजना में परिवर्तित करना है। इसके लिए गौठानों में विभिन्न गतिविधियां कराई जाए। गौठान में रामायण मंडली के कार्यक्रम, क्रिकेट, बॉलीबाल, जन्मदिवस, पूजा जैसे विभिन्न आयोजन होना चाहिए। जितनी अधिक गतिविधियां कराई जाएगी, गौठान उतना ही सफल होगा।

विशेष सलाहकार शर्मा ने गौठान का निरीक्षण करते कहा कि मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में पैरादान कराएं। उन्होंने गांव में उपलब्ध बैलों की जानकारी लेते गांव के 30 बैलों के लिए 15 बैलगाड़ी देने की बात कही। पशुपालन विभाग को  बैल ट्रेनिंग के लिए बैल प्रशिक्षण केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां डबरी निर्माण कर इसके किनारे केले के पेड़ लगाने कहा। उन्होंने महिला स्वसहायता समूह शेड और मशरूम शेड का निरीक्षण किया। स्वसहायता समूह शेड में महिलाओं द्वारा बांस की विभिन्न कलाकृतियां बनाई जा रही थी। श्री शर्मा ने कला कृतियों की प्रशंसा की। उन्होंने उत्पाद सामग्री के विक्रय की जानकारी लेते कहा कि इसके विक्रय के लिए महिलाओं को स्थान उपलब्ध कराएं। उन्होंने पौनी-पसारी योजना अंतर्गत जोडऩे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि मशरूम का उत्पादन किया जा रहा है। प्रतिदिन 3-4 किलो मशरूम उत्पादन होता है। 200 रूपए प्रतिकिलो में इसका विक्रय करते है।

विशेष सलाहकार शर्मा ने बाड़ी का निरीक्षण किया। पौधे को बीमारियों से बचाने के लिए विशेष देखरेख करें। फंगस से बचाने के लिए गौमूत्र से बने कीटनाशक का छिडक़ाव करें। फसलों के उत्पादन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग  अध्यक्ष महामंडेलश्वर राजेश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कहा कि अंजोरा के वृंदावन गौठान में बहुत ही अच्छा कार्य किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने बताया कि गौठान में विभिन्न आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की गई है। ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने के लिए कार्य किए जा रहे है।

ग्रामीण आजीविका के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के विभिन्न गतिविधियों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष मन्ना यादव, जनपद पंचायत सीईओ श्री ओझा, उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे सहित अन्य अधिकारी एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news