बीजापुर

भैरमगढ़ में मंत्री लखमा ने साधा भाजपा पर निशाना, बोले जनता से भाजपा का कोई सरोकार नहीं
14-Dec-2021 8:54 PM
भैरमगढ़ में मंत्री लखमा ने साधा भाजपा पर निशाना, बोले जनता से भाजपा का कोई सरोकार नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 14 दिसंबर।
भैरमगढ़ नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने आये प्रदेश के आबकारी व जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। मंत्री लखमा ने कहा कि भाजपा का जनता से कोई सरोकार नहीं हैं।

अपने प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को भैरमगढ़ पहुंचे मंत्री लखमा ने नुक्कड़ सभाएँ की और वार्डों में घूम कर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट के अपील की। प्रचार के दौरान कवासी लखमा ने कहा कि प्रदेश सरकार मोर ज़मीन मोर मकान योजना के तहत पट्टा के साथ साथ पक्का मकान दे रही है, प्रदेश सरकार लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
 
उन्होंने आगे कहा कि भूपेश  सरकार हिन्दुस्तान की ऐसी पहली सरकार है, जो किसानों को धान का समर्थन मूल्य पच्चीस सौ रुपए प्रति क्विंटल के अलावा प्रत्येक बारदाने की पच्चीस रुपए किसानों को अलग से दे रही है।

मंत्री लखमा ने कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो समाज के प्रत्येक वर्गों के विकास के लिए सोचती है और साथ लेकर चलती है। चाहे वो किसान हो, चाहे वो मज़दूर हो, चाहे वो छोटे व्यापारी हो और चाहे वो आदिवासी सभी की सुध सिफऱ् कांग्रेस पार्टी ही लेती है।
 
उन्होंने कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियाँ बताते हुए कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार से लेकर प्रदेश सरकार तक ने देश और प्रदेश के किसानों की कृषि ऋण को पूरी तरह माफ़ कर किसानों को राहत देने का काम किया है। वहीं दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों पर तीन काले कृषि क़ानून जबरन थोपने का प्रयास किया  जिसे बाद में किसान आंदोलन के लगातार दबाव में आकार मोदी सरकार ने किसानों से माफ़ी माँगते हुए उन तीन काले कृषि क़ानूनों को वापस लिया।

मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक विपक्ष के रूप में आज भाजपा पूरी तरह पिछड़ गई है। अब भाजपा जनता के मुद्दे नहीं उठाती भाजपा और उनके पूर्व नेताओं के पास जनहित के एक भी मुद्दे नहीं है। यही कारण है कि लोग अब भाजपा से अपने आप को अलग कर रहे है। अब भाजपा का जनता से कोई सरोकार नहीं रहा।
 
इस दौरान बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भैरमगढ़ के मतदाता नुक्कड़ सभाओं में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news