बीजापुर

शहर के करीब दिखा तेंदुआ, बाल-बाल बचे राहगीर
24-Dec-2021 6:23 PM
शहर के करीब दिखा तेंदुआ, बाल-बाल बचे राहगीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर,  24 दिसंबर। भोपालपटनम में इन दिनों लोगों के बीच तेंदुआ की दहशत है। लोगों को शहर के करीब तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा है। लोग सुबह की सैर पर जाने से कतरा रहे हैं।  

भोपालपटनम शहर से करीब दो किलोमीटर दूर फारेस्ट नाका व बंडलवागू नाले के बीच में  गुरुवार की सुबह तेंदुआ दिखने की खबर से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले सैलिक नागवंशी, योगेश वासम, एस एक्का व अन्य लोग तेंदुए का शिकार होते बाल-बाल बच गए।
बताया गया है कि कुत्ते को लेकर मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। इसी बीच फारेस्ट नाका के करीब 200 मीटर की दूरी पर तेंदुआ दुबक कर बैठा हुआ था। जैसे ही वॉकिंग करते हुए उसके पास पहुंचे। उसने कुत्ते को देखकर छलांग लगाकर झपटने की कोशिश की। तेंदुए को देखते ही जैसे-तैसे वे लोग भाग आए और वहां से गुजर रहे लोगों को इसकी जानकारी दी। शहर के इतने करीब तेंदुए को देखे जाने से अब लोगों में दहशत का माहौल है।

पहले भी यही देखा गया था तेंदुआ
पखवाड़े भर पहले भी इसी स्थान कुछ रुद्राराम और भोपालपटनम के बीच बंडलवागु नाले के पास तेंदुआ सडक़ पार करते हुआ देखा गया था। जगदलपुर से पटनम आ रही जय भवानी ट्रेवल्स के बस चालक सुनील वेलादी, और बस में सवार लोगों ने तेंदुआ को देखकर इसकी जानकारी लोगों को दी थी।

इस बारे में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डीके मेहर ने बताया कि उनके पास भी तेंदुआ देखे जाने की जानकारी आई है। उन्होंने बताया कि मद्देड़ में उनकी चार टीम बनाई गई है, जो लगातार सर्च अभियान पर हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news