कोरिया

देखें video : लोगों को केवल सपने दिखाए, काम एक पैसे का नहीं किया
05-Jan-2022 5:29 PM
देखें video : लोगों को केवल सपने दिखाए, काम एक पैसे का नहीं किया

कांग्रेसी पार्षद ने अपनी ही पार्टी के विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 5 जनवरी।
कांग्रेस पार्षद ने मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद मनेन्द्रगढ़ में ऐसा विधायक मिला जो केवल लोगों को सपने दिखाए। विधायक बने 3 साल हो गए, लेकिन काम एक पैसे का नहीं किया।

नगर पालिका परिषद् मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्र. 14 के कांग्रेसी पार्षद नागेंद्र जायसवाल जो 5वीं बार पार्षद चुनकर आए हैं, उन्होंने अपनी ही पार्टी के मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार मनेन्द्रगढ़ के लिए ऐसा विधायक मिला, जिन्होंने शहरवासियों को केवल लॉलीपॉप दिखाया। लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन हकीकत में कुछ भी नहीं किया।

पार्षद नागेंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब हम पार्षद बन कर आए तब विधायक ने हर एक पार्षद को विकास कार्य के लिए 2-2 लाख रुपए देने की बात कही थी जिसका फॉर्म भी भरवाया गया, लेकिन उसका आज तक कुछ भी नहीं हो सका। सबसे बड़ी बात विधायक ने सभी वार्डों में सबसे गरीब कमजोर वर्ग परिवार के लिए आर्थिक सहायता के उद्देश्य से उनका नाम और अकाउंट नंबर मांगा था, जिनके खाते में सहायता राशि आनी थी। रायपुर से बकायदा फोन भी आया सभी हितग्राहियों के नाम और अकाउंट नंबर भी  लिए गए, लेकिन 2 साल बीत जाने के बाद भी उन हितग्राहियों के खाते में एक रूपए नहीं आया। जब पैसे की जानकारी ली गई तो पता चला की ऐसे लोगों के खाते में पैसे डाले गए हैं जो उसके हकदार नहीं थे।

कांग्रेस पार्षद नागेंद्र जायसवाल ने कहा कि चुनाव के समय जिस कांग्रेस कार्यकर्ता पार्षद ने अपना तन-मन लगाकर विधायकी चुनाव में विधायक को जीत दिलाई थी, जो जमीनी स्तर से जुड़े पार्षद थे, आज विधायक उनकी बात न सुनकर अपने चहेते पार्षदों की बात सुनकर निर्णय करते हैं।

पार्षद ने कहा कि उन्हें लगता है कि विधायक डॉ. विनय जायसवाल नए-नए राजनीति में आए हैं। अभी राजनीति में परिपक्व नहीं हुए हैं। मनेन्द्रगढ़ में उन्होंने सिर्फ एक पार्षद को पकड़ रखा है और उनके कहने पर ही वे मनेन्द्रगढ़ की सारी राजनीति कर रहे हैं जिससे आने वाले समय में कांग्रेस की छवि और प्रभाव में बड़ा फर्क पड़ सकता है।

 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news