राजनांदगांव

अंबागढ़ चौकी कॉलेज प्राचार्य के ड्रेस खरीदने के आदेश से मचा बवाल
06-Jan-2022 2:50 PM
अंबागढ़ चौकी कॉलेज प्राचार्य के ड्रेस खरीदने के आदेश से मचा बवाल

प्राचार्य ने लिखित में विशेष पोशाक खरीदी के लिए दुकान किया तय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी।
अंबागढ़ चौकी के शासकीय लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय के प्राचार्य के लिखित में जारी किए गए एक आदेश में विशेष पोशाक (ड्रेस कोड) की खरीदी के लिए एक दुकान का नाम तय करने से बवाल मच गया है। प्राचार्य के आदेश में स्पष्ट तौर पर चालू सत्र में विशेष पोशाक नियम लागू करने का हवाला देकर अंबागढ़ चौकी स्थित मनीष ड्रेसेस से परिधान खरीदने का निर्देश दिया गया है। इस मामले को लेकर प्राचार्य पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

प्राचार्य ने 5 जनवरी को अपने लिखित आदेश में उल्लेख किया है कि 26 जनवरी 2022 से एक निर्धारित पोशाक में ही महाविद्यालय में  विद्यार्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी, इसलिए मनीष ड्रेसेस से कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को ड्रेस खरीदने का फरमान जारी किया गया है। प्राचार्य डॉ. केआर मंडावी इस आदेश के बाद विवादों में घिर गए हैं। माना जा रहा है कि व्यापारिक हितों को साधने के लिए कॉलेज प्रबंधन और दुकान के संचालक के बीच समझौता हुआ है। इस बीच विद्यार्थी संगठनों ने पूरे मामले को लेकर विरोध भी जताया है। कॉलेज में एक विशेष पोशाक के लिए जोर दिए जाने को को तुगलकी आदेश भी माना जा रहा है। कॉलेज के विद्यार्थियों को प्राचार्य के लिखित आदेश ने परेशानी में उलझा दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कतिपय छात्र नेताओं और राजनीतिक व्यक्तियों के कहने पर ही प्राचार्य ने आदेश जारी किया है। मनीष ड्रेसेस कपड़े का एक बड़ा दुकान है। ऐसे में आदेश जारी होने से संस्था के प्राचार्य पर कई तरह के आरोप भी लग रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news