राजनांदगांव

सीएम से मिले खैरागढ़ के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्षद
08-Jan-2022 2:28 PM
सीएम से मिले खैरागढ़ के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्षद

नवाज की अगुवाई में भेंट, भूपेश का विकास की रफ्तार बढ़ाने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जनवरी।
खैरागढ़ नगर पालिका में कांग्रेस के शानदार तरीके से चुनावी फतह करने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत पार्षदों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में नवनिर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्षदों से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सोच के साथ केवल विकास कार्यों को रफ्तार देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने सभी को मिठाई खिलाकर कहा कि बेहतर कार्य करने के लिए एक अच्छा वातावरण पालिका में होना चाहिए। राज्य सरकार का पूरा साथ निकाय को मिलेगा। फंड और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को मुहैया कराने में शासन स्तर से कोई ढ़ील नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने गर्मजोशी से सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि शहर विकास के लिए एक प्राथमिकता तय करना जरूरी है। जनता ने अपना काम कर दिया है। अब जनसमुदाय की निगाह में खरा उतरने के लिए सभी को एकजुट होकर विकास कार्य करना होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री से सभी का जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष खान ने परिचय कराया।

मुख्यमंत्री से नवनिर्वाचित अध्यक्ष शैलेष वर्मा, उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक, पार्षदद्वय सुमन पटेल, सुमित टांडिया, टिकेश्वरी पटेल, दिलीप राजपूत, दीपक देवांगन, पुरूषोत्तम वर्मा, शत्रुघन देशलहरे और दिलीप लहरे का परिचय हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशोदा वर्मा, निलेन्द्र पांडे समेत अन्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान वन मंत्री मो. अकबर और जिले के प्रभारी अमरजीत सिंह भगत भी शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news