बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 11 जनवरी। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज दोपहर एक आदेश जारी कर 12 जनवरी से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को रोस्टर के हिसाब से एक तिहाई उपस्थिति का निर्देश दिया है।
सभी वरिष्ठ अधिकारी, द्वितीय श्रेणी और उनके ऊपर के अधिकारी शत प्रतिशत उपस्थित रहेंगे। दफ्तरों में अधिकारी, कर्मचारियों को फेस मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंस का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश भी दिया गया है। बाहरी लोगों को केवल अत्यावश्यक कार्य के लिए कलेक्ट्रेट सहित दूसरे दफ्तरों में आने की अनुमति रहेगी।
यह उल्लेखनीय है बीते 24 घंटे के भीतर जिले में 441 पॉजिटिव केस आए हैं। इस दौरान 2400 लोगों के संक्रमित होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने दी है। जनवरी के 11 दिनों में 10 लोगों की संक्रमण से मौत भी हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर लोगों की उम्र 60 वर्ष से अधिक है।