महासमुन्द

कोरोना की रोकथाम, कारखानों-प्रतिष्ठानों में सावधानियां बरतने के निर्देश
14-Jan-2022 6:38 PM
  कोरोना की रोकथाम, कारखानों-प्रतिष्ठानों में सावधानियां बरतने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 जनवरी। महासमुंद जिले के सभी कारखानों-प्रतिष्ठानों में भी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हंै। बिरकोनी इंड्रस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र चंद्राकर का कहना है कि औग्योगिक इकाइयों में पूरी तरह से सावधानी बरती जा रही है। कर्मचारियों के इकाई में प्रवेश पर थर्मल स्कैन कर तापमान जांचा जा रहा है। कर्मचारियों के कपड़े रखने की जगह, खाने की जगह और कारखाने में पहने जाने वाले कपड़े समय समय पर सैनिटाइज किये जा रहे हैं। कर्मचारियों को एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर काम कराया जा रहा है। मास्क, कैप, ग्लब्स, बूट सबकुछ सेपरेट रखा जा रहा हैं। कर्मचारी भी इस व्यवस्था का पालन करने पूरा सहयोग दे रहे हैं।

शिवालिक पावर प्लांट के प्रमुख मोहित शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की गेट पर हर दिन प्रवेश के दौरान थर्मल जांच की जा रही है। कभी किसी की तबियत बिगड़ती है तो इलाज व कोविड जांच के लिए भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि प्लांट में कर्मचारियों के बीच उचित दूरी, मास्क, सैनिटाइजर के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी इस प्रोटोकाल का खुद से पालन कर रहे हैं।

मालूम हो कि इस संबंध में श्रमायुक्त सह मुख्य कारखाना निरीक्षक छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के सभी उप श्रमायुक्त, सचिव छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, कल्याण आयुक्त छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल, सभी उप संचालक और सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा एवं हाईजिन लैब, सभी सहायक श्रमायुक्तों और श्रम पदाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया गया है। परिपत्र में कहा गया है कि कारखाने के प्रवेश द्वार, केंटीन, शिशुघर, वॉशरूम, टॉयलेट,ऑफिस कार्यक्षेत्र परिसर में सघन रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया जाये। सैनिटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। कारखाने में पर्याप्त मात्रा में नोज मास्क, दस्ताने, सैनिटाइजर एवं हैंडवाश की व्यवस्था करें।

समस्त कार्यस्थलों में सामाजिक दूरी के नियम का पालन किया जाए। कारखाने में कारखाना परिसर में प्रवेश करने से पहले सभी श्रमिकों और कर्मचारियों का थर्मल स्कैनिंग करें। कोविड.19 संक्रमण विस्तार की संकटापन्न स्थिति में श्रमिक, कर्मचारी सहायता हेतु श्रम विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0771.2443809 और 91098.49992 संचालित है। कहा गया है कि श्रमिकों को श्वसन संबंधी सावधानियों के लिए प्रोत्साहित करें। कहें कि खांसी और छींक के दौरान मुंह को ढंक कर रखें। जहां तक संभव हो, कार्यस्थल पर अन्य श्रमिकों के फोन, कार्यालय के डेस्क या अन्य उपकरणों का उपयोग कम से कम करें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news