बीजापुर

अंधेरे में छू लो आसमान के बच्चों का भविष्य, भौतिकी की कक्षाएं बंद
14-Jan-2022 9:49 PM
अंधेरे में छू लो आसमान के बच्चों का भविष्य, भौतिकी की कक्षाएं बंद

मार्च से शुरू होनी है वार्षिक परीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 14 जनवरी।
यहां संचालित छू लो आसमान कोचिंग संस्था में इन दिनों लापरवाही का आलम छाया हुआ है। पिछले एक माह से भी अधिक समय हो गया है, यहां भौतिकी की कक्षाएं संचालित नहीं हो रही है। पूर्व में गणित और अंग्रेजी की कक्षा भी संचालित नहीं थी।

सत्र- 2021-22 के लिए टेंडर के माध्यम से छू लो आसमान का संचालन कोचिंग संस्था वीएमसी भिलाई को दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीट व जेर्ईई की तैयारी करने के उद्देश्य से संचालित छू लो आसमान में वर्तमान सत्र में एक तिहाई पाठ्यक्रम भी पूर्ण नहीं हो पाया है। शिक्षकों की कमी और अनियमित क्लास की शिकायत प्राचार्य ए. बसमैय्या और जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर से भी की गई है।

बीजापुर जिले में प्रयास मॉडल की तर्ज पर छू लो आसमान संचालित है, पर यहां शिक्षकों की कमी से विद्यार्थी परेशान हैं। प्रयास में 1 विषय के लिए 2 से 3 विशेषज्ञ शिक्षक उपस्थित रहते हैं, वहीं छू लो आसमान में सिर्फ एक शिक्षक कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिये उपलब्ध हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक शिक्षक ने नीट व जेर्ईई स्तर की पढ़ाई कराने में असमर्थता व्यक्त की है। कोचिंग द्वारा न ही कोई स्टडी मॉड्यूल उपलब्ध कराया गया और न ही टेस्ट लिया जा रहा। एडवांस स्तर के शिक्षक भी उपलब्ध नहीं किया गया।

शिक्षकों की अनुपलब्धता के विषय में प्राचार्य का कहना है कि भौतिकी के शिक्षक द्वारा संस्था छोडक़र चले जाने की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि भौतिकी के शिक्षक की तबियत खराब हो जाने से वह चले गये है। जल्द दूसरा शिक्षक आ जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news