बिलासपुर

सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार बार मैनेजर और वेटर की मौत
15-Jan-2022 5:05 PM
सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार बार मैनेजर और वेटर की मौत

   एक ने छह माह पहले ही की थी शादी       
सीसी कैमरे की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 जनवरी।
बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बार से ड्यूटी कर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगला चौक पर हादसा हो गया।

सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर के रानीगांव का मोहन देवांगन (27 वर्ष) श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित अमिगोज बार में मैनेजर का काम करता था। इसी बार में गांव का ही जावेद खान (23 वर्ष) भी वेटर था। मोहन देवांगन ने मंगला में एक किराये का मकान ले रखा था। बार की ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों रात करीब 1.30 बजे घर के लिये निकले। मंगला पहुंचने के कुछ पहले चौक पर एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने इसकी सूचना हेल्पलाइन 112 और सिविल लाइन पुलिस को दी। दुर्घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मोहन की मौके पर ही मौत हो चुकी है। घायल जावेद ने भी सिम्स चिकित्सालय ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मालूम हुआ है कि मोहन देवांगन ने 6 माह पहले ही अंतरजातीय विवाह किया था। वह मंगला में किराये का घर लेकर परिवार से अलग रहता था। जावेद रोज रात रानीगांव चला जाता था लेकिन मौसम खराब होने के कारण वह मोहन के साथ उसके घर पर रुकने जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाली वाहन बहुत तेज रफ्तार में थी। टक्कर के बाद बाइक सवार कई फीट तक घिसटते रहे। सिविल लाइन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाली अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news