बलौदा बाजार

बारिश से धान खरीदी बंद, किसानों ने धान खरीदी 15 फरवरी तक करने की मांग
15-Jan-2022 5:45 PM
बारिश से धान खरीदी बंद, किसानों ने धान खरीदी 15 फरवरी तक करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 जनवरी।
इस सप्ताह सभी दिन धान खरीदी बंद रही। आने वाले शनिवार और रविवार अवकाश के बाद सोमवार सुबह से धान खरीदी शुरू होने वाली है। इधर, किसानों ने धान खरीदी 15 फरवरी तक करने की मांग की है।

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा रोहांसी के अंतर्गत आने वाले सात धान खरीदी केंद्र सीतापार, सलौनी, कोनारी, लच्छनपुर, रोहांसी, दतरेंगी, चरौदा में बारिश के कारण धान खरीदी बंद रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम खुलने का संकेत है, जिससे फड़ सूखने के बाद सोमवार से धान खरीदी प्रारंभ किया जाएगा। ग्राम रोहांसी में किसानों ने बैठक कर सभी किसानों के धान खरीदी पूर्ण कराने कर निर्णय लिया और समय सीमा बढ़ाने की बात कही। पूर्व में रोहांसी खरीदी केंद्र में अधिक धान तौल को लेकर हंगामा हुआ था, जिसके चलते वहां खरीदी में लेट लतीफ हो गया। जिसके कारण सभी किसान एकत्र होकर एक बार फिर सभी किसानों के पूर्ण धान खरीदी को लेकर समय बढ़ाने की मांग की।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा रोहांसी के शाखा प्रबंधक मो. अकील एवं पर्यवेक्षक रामकुमार यदु से मिली जानकारी अनुसार इस वर्ष रोहांसी शाखा के 7 धान खरीदी केंद्र में से पंजीकृत किसानों से 2 लाख 99 हजार 493 क्विंटल धान खरीदी करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1 लाख 86 हजार 670 क्विंटल धान की खरीदी कर ली गई है और 1 लाख 2 हजार 822 क्विंटल धान खरीदी अभी शेष है।

समय पर टारगेट हो जाएगा पूरा-कृषि मंत्री
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में अभी तक लगभग 70 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। और एक करोड़ पांच लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में हमें लगता है खरीदी की मियाद से पहले ही धान खरीदी के सारे टारगेट हम पूरा कर लेंगे। इसलिए तारीख आगे बढ़ाने की कोई जरूरत ही नहीं है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news