महासमुन्द

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 22 को
15-Jan-2022 5:51 PM
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 22 को

अध्यक्ष पद के लिए अनिल और ओम आमने-सामने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जनवरी।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में कल शुक्रवार 14 जनवरी दोपहर नाम वापसी के बाद चुनाव की पूरी तस्वीर साफ  हो गई। इसके 10 पदों में से 5 पदों के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। शेष 5 पदों के लिए 16 उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर होगी। नामांकन के बाद चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। इस बार फिर अध्यक्ष पद के लिए अनिल शर्मा ने दावेदारी की है। वे वर्तमान के अलावा तीन-चार बार अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके सामने ओम कुमार शुक्ला ने दावेदारी की है। कहा जा रहा है कि इस बार दोनों के बीच कांटे की टक्कर होगी।

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, ग्रंथालय सचिव व कार्यकारिणी सदस्य के लिए चुनाव होना है। इन पदों के लिए एक से अधिक नामांकन दाखिल हुए हैं। सह सचिव, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव व महिला कार्यकारिणी के पद के लिए मात्र एक-एक आवेदन आए थे। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 12 जनवरी से शुरू हो गई है। 12 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश हुआ। इसके बाद 14 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा हुआ। इसके एक घंटे बाद नाम वापसी का समय अभ्यर्थियों को दिया गया। निर्धारित समय तक किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया।

मालूम हो कि अधिवक्ता संघ का चुनाव शुरू होते ही सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों में खड़े उम्मीदवारों का फैसला 208 अधिवक्ता मिलकर करेंगे। चुनाव की तारीख भी तय हो गई है। पुराना कचहरी चौक स्थित बार रूम में 22 जनवरी को मतदान होगा। इन पदों के लिए मतदान 22 जनवरी को होगा जो सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। इसके बाद एक घंटे के अंदर मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी। शाम साढ़े पांच बजे स्पष्ट हो जाएगा कि अध्यक्ष का ताज किसके सिर पर रहेगा।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष अनिल शर्मा व ओम कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष पद के लिए कन्हैया साहू व तरुण जलक्षत्री, सचिव के लिए मोबीन कुरैशी, नूतन साहू व ऋषि शर्मा, ग्रंथालय सचिव के लिए अशोक गुप्ता व रिखीराम साहू, कार्यकारिणी में पांच पद के लिए देवेन्द्र कुमार साहू, धनेश चंद्राकर, धरम गोलछा, मणिराम साहू, नारायण लाल साहू, नरेन्द्र कुमार साहू व राजेन्द्र सिंह बांसवार के बीच मुकाबला होगा। जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष महिला साधना सिंह ठाकुर नैनी, सह सचिव जगजीत सिंह चांवला टीके, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, सांस्कृतिक व क्रीड़ा सचिव एके जिलानी एवं कार्यकारिणी महिला सदस्य ईश्वरी निषाद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news