कांकेर

2 जगह बम विस्फोट, 3 जवान घायल
15-Jan-2022 9:45 PM
2 जगह बम विस्फोट, 3 जवान घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 15 जनवरी।
आईईडी ब्लास्ट की अलग-अलग दो घटनाओं में तीन जवान घायल हो गए हैं। एक घटना में पतकालबेड़ा के पास एसएसबी का जवान घायल हुआ, वहीं सर्चिंग दल की वापसी पर तुमापाल के समीप हुई ब्लास्ट में दो जवान घायल हो गए हैं। उन्हें अंतागढ़ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवान ने शुक्रवार को एरिया डोमिनेशन के लिए निकले थे। इसी दौरान एसएसबी का एक जवान आईईडी की चपेट में आ गया। ब्लास्ट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बल के जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली भाग खड़े हुए। ब्लास्ट में एसएसबी का एक जवान घायल हो गया, जिसे अंतागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ताड़ोकी थाना क्षेत्र के कोसरुंडा कैंप से लगभग 150 जवान शुक्रवार को इलाके की सर्चिंग के लिए निकले हुए थे। जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लिए नक्सलियों ने पहले से ही आईईडी बम लगा रखा था। सर्चिंग के दौरान पतकालबेड़ा के पास एसएसबी के जवान सुरेंद्र कुमार का पैर आइईडी पर आ गया, जिससे ब्लास्ट हुआ और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। ब्लास्ट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बल के जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बल के जवानों द्वारा जवाबी फायरिंग के बाद नक्सली जंगल की ओर भाग गए। घायल जवान सुरेंद्र कुमार को अंतागढ़ अस्पताल लाया गया हैं। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जाएगा।

जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में देर शाम सर्चिंग से लौट रहे एसएसबी कैंप कोसरोंडा के ही दो और जवान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को अंतागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसबी कैंप कोसरोंडा के जवान शुक्रवार शाम सर्चिंग से लौट रहे थे, इसी दौरान शाम लगभग पांच बजे ग्राम तुमापाल व ग्राम पतकालबेड़ा के बीच एक बार फिर आइइडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें जवान योगेंद्र बलियार (30) और के शंकर (35) घायल हो गए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news