रायगढ़

खलिहान में ही अंकुरित हो रहे धान, किसानों की बढ़ी परेशानी
16-Jan-2022 8:43 PM
खलिहान में ही अंकुरित हो रहे धान, किसानों की बढ़ी परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 16 जनवरी।
रायगढ़ के पूर्वी अंचल के ग्राम पंचायत लोइंग के आश्रित गांव भोजपल्ली के किसान बारिश के कारण हलाकान है। एक तो बड़े खाता होने का दंश झेलते इन किसानों को धान खरीदी केंद्र से टोकन भी जल्दी नहीं मिल पाता वहीं दो बार चक्रवातीय वर्षा के चपेट में आकर यहां के किसानों के धान खरही खेतों में ही सड़ रही है, मिंजाई का काम भी नहीं कर पा रहे हैं।

जिले के पूर्वांचल क्षेत्र में बारिश के कारण खेतों में पानी जमाव हो गया है। अब तो इन धान में अंकुरण भी होने लगा है। टोकन समय पर नहीं मिलने के कारण भी खलिहान में ही मिसाई किया हुआ धान भी पड़े हुए हैं। अपने स्तर पर किसानों ने तिरपाल से ढके तो है लेकिन जमीन में ही पड़े रहने के कारण भी नमी के कारण भी धान बर्बाद हो रहे हैं।  पिछले दिनों दिसम्बर के अंत मे हुई बारिश और अब 9 जनवरी से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की कमर ही तोड़ दी है। रायगढ़ पूर्वी अंचल के सल्हेओना, बेलेरिया, डूमरपाली बनोरा, कुकुरदा आदि सब्जी उत्पादक किसानों ने बताया कि आलू व अन्य सब्जियों के फसल को नुकसान हुआ है। ग्राम भोजपल्ली के किसान सुरेश गुप्ता, प्रमोद गुप्ता तथा श्रीवच्छ गुप्ता के खेतों का मुआयना किया।

बारिश ने निश्चित तौर पर भारी नुकसान पहुंचाई है। सभी के खेतों में धान भींग रहे हैं वहीं अंकुरित भी हो गये है। कृषि विभाग के अधिकारियों की कानों में जूं तक नहीं रेग रही वही राजस्व अमला भी निष्क्रिय है। सुरेश गुप्ता ने बताया कि उसके 6 एकड़ के धान के फसल खेत में सड़ रहा है, बारिश के कारण मिंजाई भी नहीं कर पा रहा है जो मिंजाई की गई है, उसे भी सुरक्षित नहीं रख पा रहे हैं। खुले आसमान के नीचे तिरपाल से ढांक दी गयी है, फिर भी पानी घुस कर अंकुरित हो रहे हैं। सेवा सहकारी समिति धान खरीदी केंद्र में बेचने लेने के लिए भी टोकन के चक्कर में बड़ा खाता होने का दंश झेल रहे हैं, वहीं बारिश के कारण भी धान खरीदी केन्द्र 15 दिनों तक प्रभावित रहा है। धान खरीदी नहीं हो पाई है।

किसान प्रमोद गुप्ता ने बताया कि उसके भी यही समस्या है। एक एकड़ में लगे गेंहू की फसल भी चौपट हो गयी। जब पहली बार बारिश हुई तो उसके चलते गेंहू के बीज खेत में ही सड़ गए, वहीं दूसरी बार तैयारी कर जब बोया तो वह भी वर्षा के कारण अंकुरित नहीं हो पाया, जिससे उसे 20 हजार से ज्यादा नुकसान हुआ है। किसान श्रीवच्छ गुप्ता ने भी बताया कि उसके भी खरीफ धान खलिहान में भींग रहे हैं, किसी तरह तिरपाल से ढांक दिया गया है वावजूद इसके नमी घुस गई है। भारी नुकसानी का अंदेशा है वही खेतों में लगे सरसों, गेंहू व साग सब्जी के फसलों को भी क्षति हुई है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news