बीजापुर

कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कर रहे काम, मजदूर कर रहे पलायन - गागड़ा
16-Jan-2022 9:11 PM
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कर रहे काम, मजदूर कर रहे पलायन - गागड़ा

शासन-प्रशासन की जानकारी बिना पलायन व मानव तस्करी संभव नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 16 जनवरी।
जिले में भ्रष्टाचार, पलायन व मानव तस्करी के मामले को लेकर पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने शासन, प्रशासन व स्थानीय विधायक को निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ये शासन-प्रशासन की जानकारी के बिना मजदूरों का पलायन व मानव तस्करी संभव नहीं हैं।

 भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता में पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि जिले में मनरेगा के कामों को कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता मशीनों से करा रहे हैं, और मजदूर काम के अभाव में पलायन कर रहे हंै।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले तेलंगाना के कडपा जिले में यहां के 14 मजदूरों को बंधक बनाया गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी की ओर से इसकी शिकायत की गई थी। इसके बाद पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर मजदूरों को वहां से वापस लाया गया। लेकिन मजदूरों ने पूर्व मंत्री से शिकायत की है कि पुलिस की बचाव टीम पीडि़त परिवार के पैसे से गई थी। वापसी में पैसे वापस देने की बात कही गई थी, लेकिन वापस आने के बाद पीडि़त परिवारों को पैसे नहीं दिए गए। बल्कि आरोपी ठेकेदार को बिना कार्रवाई छोड़ दिया गया।
 
पूर्व मंत्री ने कहा कि आवेदन के बाद भी एफआईआर नहीं हुआ और न ही मजदूरी भुगतान दिलाया गया। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने आरोप लगाते कहा कि मजदूरों का पलायन, मानव तस्करी शासन-प्रशासन के जानकारी बिना संभव नहीं है। उन्होंने कलेक्टर व लेबर इंस्पेक्टर से बात करने पर जानकारी नहीं होने की बात कही है।

उन्होंने कहा कि इससे बड़ा हास्यप्रद क्या हो सकता है, दो दिन बीत जाने के बाद भी जानकारी का न होना, इनकी संलिप्तता को दर्शाता है। वहीं गागड़ा ने स्थानीय विधायक व प्रशासन पर भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी में संलिप्तता के गंभीर आरोप भी लगाये हैं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष संजय लुक्कड़ व महिला मोर्चा की पूजा पोन्दी मौजूद रहे।

दूसरी ओर एएसपी पंकज शुक्ला का कहना है कि किसी भी मजदूरों ने ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखवाई है। फिर भी श्रम विभाग के अधिकारी को जांच का प्रतिवेदन बनाने के लिए कहा गया है। श्रम अधिकारी जो भी रिपोर्ट देंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पत्रवार्ता में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि जिले में सिर्फ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं को काम मिल रहा है,मजदूरों का कार्य मशीनों से कराके स्थानीय विधायक अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे हैं। इसलिए मजदूर अन्य प्रदेश में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सारी बातों से विधायक और प्रशासन अवगत है, परन्तु कार्रवाई  नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मजदूर ट्रैक्टर और गाडिय़ों में भरकर बाहर जा रहे होते हैं तो सीमाओं पर जांच क्यों नहीं की जाती है?

श्री गागड़ा ने आरोप लगाया है कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार कमीशनखोरी में चल रहा है। जिले का अस्पताल प्रदेश में स्थान रखता था। परंतु आज यह भी रेफर सेंटर बनकर रह गया है। श्री गागड़ा ने आगे कहा कि 14वें वित्त आयोग में विधायक का डंका चल रहा है। हैंडपंप और बोर खुदाई के नाम पर पंचायतों को अपने कब्जे में कर रखा है। वहीं उन्होंने कोसलनार में पीएचसी के मरम्मत कार्य पर 27 लाख रुपये के भ्रष्टाचार पर सीएमएचओ को जानकारी न होने की बात पर पूर्व मंत्री ने कहा कि सीएमएचओ स्वयं इन दिनों ठेकेदार बन बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले का पूरा सरकारी तंत्र इन दिनों भ्रष्टाचार के शिकंजे में जकड़ा हुआ है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news