सरगुजा

सरगुजा में कड़ाके की ठंड, मैनपाट एंव बलरामपुर में बर्फ की चादर
18-Jan-2022 2:23 PM
सरगुजा में कड़ाके की ठंड, मैनपाट एंव बलरामपुर में बर्फ की चादर

शीतलहर से ठिठुरे लोग,शहर व पठारी क्षेत्रों में गिरा पाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 18 जनवरी।
उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी व सरगुजा में बादल छंटने के बाद व उत्तर- पश्चिम की ओर से आने वाली हवाओं के कारण सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरा सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है, लोग ठंड से ठिठुर गए हैं।
अम्बिकापुर में 48 घण्टे के भीतर 4 डिग्री पारा गिर गया। ठंड से बचने लोग अलाव व मोटे गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट एवं बलरामपुर जिला के सामरी पाट में ठंड का सबसे ज्यादा प्रकोप है। यहां पारा 3 डिग्री पर पहुँच गया है
जमाव बिंदु पर पारा पहुंचने के कारण आज सुबह वनस्पति, पेड़-पौधे, मैदानी घास व पुआलों की ढेर में बर्फ की सफेद चादर जैसा जमाव दिखाई दिया।

सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में भी पारा धड़ाम से गिर गया है, पिछले 48 घंटे में जहां पारा पहले 10.5 डिग्री था पर मंगलवार की सुबह 4 डिग्री की गिरावट के साथ अंबिकापुर में तापमान 6.6 डिग्री पर पहुंच गया है। अंबिकापुर शहर से लगे अजीरमा कृषि अनुसंधान विश्वविद्यालय में 4 डिग्री पारा दर्ज किया गया। इसके अलावा सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला में पारा 4 डिग्री एवं सामरी पाट में लगभग 3 डिग्री दर्ज किया गया। यहाँ भी जमकर पाला पड़ रहा है यहां भी बर्फी सफेद चादर जैसा नजारा दिखाई दे रहा है। पठारी क्षेत्रों में पाला पडऩे से लोग ठिठुरते नजर आए। शीतलहर का असर लोगों के जनजीवन पर भी पड़ रहा है।

शहर व पहाड़ी क्षेत्र मैनपाट एवं सामरी पाट में पाला पडऩे से ठंड और बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने गर्म कपड़े व अलाव का सहारा ले रहे हैं।उत्तर- पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण आगामी 20 जनवरी तक सरगुजा संभाग में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
मौसम विज्ञानी ए एम भट्ट ने बताया कि 21 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है इसके बाद ठंड से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।तापमान में तगड़ी गिरावट से पूरा संभाग शीतलहर की चपेट में आ गया है। स्थिति यह रही कि धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम पूरी तरह साफ होने से ठंड अब अपने पूरे शबाब पर है।शाम ढलते ही सडक़ों पर चहल पहल कम हो गई है।ठंड का असर संभाग के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा है।
पाला गिरने से और बढ़ेगी ठंड

मंगलवार की सुबह शहर से लगे खैरबार, सांडबार , शंकरघाट,मैनपाट, सामरी पाट, बलरामपुर इलाके में जमकर पाला गिरा। पाला गिरने के बाद हवा की ठंडक और बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चले जाने और हवा स्थिर होने से पाला गिरा। शीत लहर की स्थिति अब भी बनी हुई है इससे आने वाले दिनों में सरगुजा संभाग के तापमान के और गिरने की संभावना है।
मैनपाट पर्यटकों को लुभा रहा
छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट में इन दिनों मौसम बेहद खूबसूरत है,कडक़ड़ाती ठंड व वनस्पतियों पर बर्फ की जमावट यहां के पर्यटकों को काफी लुभा रहा है।यहां पहुंचे पर्यटक जब सुबह घर के सामने निकले तो लोगों को पाला जमने के कारण बर्फ की चादर जैसी जमीन पर काफी सुखद अनुभूति उन्हें दिला रहा था,लोंगो को यह नजारा बेहद पसंद आया। यहां के मौसम को देखते हुए बड़ी संख्या में सैलानी यहां घूमने पहुंच रहे हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news