दुर्ग

सडक़ पर विकास कार्यों को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री से वोरा की चर्चा
19-Jan-2022 3:50 PM
सडक़ पर विकास कार्यों को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री से वोरा की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जनवरी।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया से दुर्ग शहर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। वोरा ने ठगड़ाबांध पिकनिक स्पॉट का काम ब्याज मद से कराने की अनुमति शीघ्र देने का आग्रह किया। वोरा ने कहा कि शिवनाथ नदी रोड और गौरवपथ के डामरीकरण का काम भी विभागीय प्रक्रिया पेंडिंग होने के कारण प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। ये कार्य शीघ्रता से पूरा कराना जरूरी है। नगरीय प्रशासन मंत्री ने तत्काल राज्य शहरी विकास अभिकरण के सीईओ सौमिल रंजन चौबे से फोन पर चर्चा करते हुए दुर्ग के विकास कार्यों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिये। वोरा ने नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ डहरिया से कहा कि दुर्ग शहर के विकास कार्यों से संबंधित प्लान और प्रस्ताव निगम कार्यालय में पेंडिंग न रखे जाएं। शहर की सडक़ों की स्थिति अच्छी नहीं है। इसके अलावा वार्डों में विकास कार्यों के लिए भी राशि की जरूरत है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की जा चुकी है। इन कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की। डॉ डहरिया ने कहा कि निगम आयुक्त को इस संबंध में विकास कार्य कराने के निर्देश दिये जाएंगे। शहर की कई सडक़ों के डामरीकरण कार्य के लिए स्वीकृत 3 करोड़ रुपए से होने वाले विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई। चर्चा के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, नगर निगम के एमआईसी सदस्य अब्दुल गनी, संजय कोहले, अनूप चंदानिया भी मौजूद थे। डहरिया ने वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा कि ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ब्याज मद से राशि व्यय करने के प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति दी जाएगी। इसके अलावा शिवनाथ नदी रोड और गौरव पथ निर्माण कार्य से संबंधित पेंडिंग प्रक्रियाएं भी तत्काल पूरी कराई जाएगी।
 डहरिया ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के लिए शीघ्र ही राशि मंजूर की जाएगी। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया राजधानी में अपने बंगले से आरंग जाने के लिए निकल चुके थे। इसी दौरान वोरा डॉ डहरिया के निवास के करीब पहुंचे। वोरा को देखकर नगरीय प्रशासन मंत्री ने अपना काफिला रोका और सडक़ पर ही विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। डॉ डहरिया ने वोरा के साथ ही महापौर और निगम के एमआईसी सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दुर्ग शहर में विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा कराया जाएगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news