महासमुन्द

पंचायत चुनाव में शांतिपूर्वक मतदान
20-Jan-2022 3:43 PM
पंचायत चुनाव में शांतिपूर्वक मतदान

25 सीटों के लिए 61 उम्मीदवार मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जनवरी।
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए आज मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे से तीन बजे तक होगा। बाद बूथ पर ही मतों की गणना होगी। मतगणना के बाद गणना पत्रक दिए जाएंगे। विजयी उम्मीदवारों की घोषणा व निर्वाचन प्रमाण पत्र 22 जनवरी को जनपद कार्यालय में दिए जाएंगे। आज गुरूवार को होने वाले मतदान के लिए कल बुधवार को दोपहर मतदान दल गंतव्य के लिए रवाना हुए थे।

महासमुंद जिले में होने वाले पंचायत उप निर्वाचन की कुल 25 सीटों के लिए 61 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें महासमुंद से एक जनपद उप चुनाव के लिए छह अभ्यर्थी हैं। वहीं बागबाहरा और सरायपाली से तीन-तीन सरपंच के उपचुनाव के लिए 16 प्रत्याशी मैदान में है। जबकि पिथौरा के पांच सरपंच सीट के लिए 12 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दूसरी ओर जिले में पंच के 13 सीटों के लिए भी उप चुनाव हो रहा है। इसके लिए 27 अभ्यर्थी मैदान में है। पंच पद के लिए चुनाव महासमुंद में तीन, बागबाहरा में एक, पिथौरा में चार, बसना में दो और सरायपाली में तीन सीटों पर हो चुनाव हो रहा है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा कपूर के मुताबिक त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन बैलेट मत पत्रों के माध्यम से प्रात: सात बजे से दोपहर तीन बजे तक किया जा रहा है। इसके उपरांत मतदान केंद्र पर ही मतगणना कार्य मतदान अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए 57 मतदान दल, 17 सेक्टर ऑफिसर एवं छह सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार महासमुंद जनपद क्षेत्र में जनपद सदस्य के लिए क्षेत्र क्रमांक 10 में छह अभ्यर्थी मैदान में हैं। यहां 6029 मतदाता मतदान करेंगे। जबकि सिनोधा पंचायत के वार्ड दो में पंच पद के लिए मुकाबला चंपा बाई सेन व शबाना परवीन के बीच है। यहां 98 मतदाता हैं। भलेसर पंचायत के वार्ड 14 में देवेंद्र कुमार टांडेकर और जगेश्वरी परमेन्द्र साहू के बीच मुकाबला है। यहां 155 मतदाता हैं। बरोंडाबाार के वार्ड छह में पंच पद के लिए भोलाराम व श्रवण कुमार देवांगन के बीच मुकाबला है। यहां 124 मतदाता मतदान करेंगे।

जनपद निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 10 सोरिद, गोपालपुर, कांपा क्षेत्र में सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यूपी चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा रश्मि चंद्राकर, सरपंच संघ, कांग्रेस के विभिन्न संगठन के पदाधिकारी यहां प्रत्याशी के प्रचार में दिन रात एक किए हुए हैं। यह सीट पूर्व जनपद अध्यक्ष भागीरथी चंद्राकर के निधन से रिक्त हुई है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news