राजनांदगांव

पात्र किसानों से होगी धान खरीदी
20-Jan-2022 4:40 PM
पात्र किसानों से होगी धान खरीदी

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी।
बारिश के बाद धान खरीदी केन्द्र में सभी पात्र किसानों का धान खरीदने की गति बढ़ा दी गई है। धान खरीदी के बचे हुए शेष दिनों के लिए सभी किसानों का टोकन जारी किया जा रहा है। बचे हुए शेष दिनों में सभी किसानों का शत-प्रतिशत धान खरीदी कर ली जाएगी। जिला प्रशासन का अमला धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा स्वयं धान उपार्जन केन्द्रों में पहुचकर किसानों से चर्चा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

उन्होंने बुधवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम साल्हेटोला, गहीराभेड़ी, भोलापुर और झिथराटोला धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी की मात्रा, धान उठाव, रकबा समर्पण, विक्रय कर चुके तथा बचे हुए किसानों की जानकारी ली।

समिति प्रबंधकों ने बताया कि बचे हुए शेष दिनों में सभी किसानों का धान खरीद लिया जाएगा। इसके लिए पूरी व्यवस्था बना ली गयी है। धान उठाव के लिए टीओ और डीओ जारी कर दिया गया है। धान का उठाव भी लगतार हो रहा है। कलेक्टर ने जिन धान उपार्जन केन्द्रों में अधिक धान खरीदी हुई है वहां उठाव के लिए वाहन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएं। साथ ही कोचियों और बिचौलियों पर विशेष नजर रखें।

कलेक्टर ने इस दौरान धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर राशि भुगतान और व्यवथाओं के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि धान बेचने में कोई परेशानी नहीं है। धान खरीदी केंद्र में सभी व्यवस्था की गई है। बारदाने के राशि का भुगतान प्राप्त हो गया है और अब धान उपार्जन केन्द्र के बारदाना में ही अपना धान बेच रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news