राजनांदगांव
गंडई, 20 जनवरी। ग्राम मानपुर नाका में चोरों ने एक सूने मकान में धावा बोलते नगदी रकम और जेवर को पार कर दिया। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गत् दिनों ग्राम मानपुर के एक सूने मकान से नगदी 12 हजार और 22 तोला चांदी की ऐठी को चोरों ने पार कर दिया। पीडि़ता ग्वालिनबाई के अनुसार 12 हजार नगद उसके पति द्वारा भिजवाया गया था। साथ ही 22 तोला चांदी की पुरानी ऐंठी थी, दोनों को आलमारी में रखा था। जब वह मायके डोकराभाठा में थी, तभी पति ने फोन पर घर का ताला टूटने की जानकारी दी।
पीडि़ता के अनुसार नगद 12 हजार और चांदी की ऐंठी को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। उक्त मामले में गंडई थाना में धारा 380, 457 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
इधर गंडई थाना के एसआई ने बताया कि उक्त मामले पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। चोरों की पतासाजी की जा रही है।