महासमुन्द

शिकायत के बाद बेलसोंडा धान खरीदी केन्द्र पहुंचे कलेक्टर
22-Jan-2022 2:47 PM
शिकायत के बाद बेलसोंडा धान खरीदी केन्द्र पहुंचे कलेक्टर

कहा-सभी पंजीकृत किसानों का समय-सीमा में धान खरीदी करते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त करें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22 जनवरी।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर कल जिला मुख्यालय महासमुंद के निकटवर्ती धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर को विभिन्न माध्यमों से जानकारी मिली थी कि धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा में धान विक्रय हेतु लघु एवं सीमांत कृषकों के टोकन कम संख्या में काटे जा रहे हैं और बड़े कृषकों के टोकन अधिक संख्या में काटे जा रहे हैं। जबकि यह अनुपात 80 एवं 20 के आस.पास होना चाहिए। विभागीय अधिकारी ने बताया कि धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा के निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 19 जनवरी तक 1300 किसानों ने केंद्र में धान विक्रय किया है। जिसमें से 1222 लघु.सीमांत कृषक तथा 78 बड़े कृषक हैं। छोटे एवं बड़े कृषकों का यह अनुपात 94 एवं 6 होता है जो निर्धारित अनुपात के करीब ही है। इस प्रकार टोकन.संबंधी शिकायत निराधार पाई गई।

कलेक्टर क्षीरसागर द्वारा धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा के प्रभारी नरेन्द्र चंद्राकर एवं उपस्थित कृषकों से केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्था, टोकन वितरण संबंधी व्यवस्था तथा केंद्र में धान.विक्रय में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई। उपस्थित कृषकों द्वारा धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा में धान विक्रय करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होना बताया। लघु एवं सीमांत कृषकों हेतु टोकन की व्यवस्था एवं काटे जा रहे टोकन के प्रतिशत के संबंध में भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने खरीदी केन्द्र में टोकन पंजी, बारदाना पंजी, धान बोरे की स्टेकिंग, ड्रेनेज और पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए कृषकों से चर्चा कर धान खरीदी हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान कुछ कृषकों द्वारा यह भी बताया गया कि उनका टोकन अभी तक नहीं कटा है और खरीदी में मात्र 6 दिन शेष हैं। इसलिए वे चिंतित हैं। इस पर धान खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा उन कृषकों को उनके टोकन जारी होने के दिवस एवं तिथि की जानकारी प्रदान की गई। कलेक्टर द्वारा सभी उपस्थित किसानों को  आश्वस्त करते हुए अवगत कराया गया कि समर्थन.मूल्य धान.खरीदी की निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत ही सभी पंजीकृत कृषकों का धान क्रय करना सुनिश्चित किया जाएगा। कोई भी पंजीकृत कृषक धान विक्रय करने से वंचित नहीं रहेगा।

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र बेलसोंडा के प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी के लिए शेष बचे दिनों तथा केंद्र में धान की अनुमानित आवक के अनुपात में प्रतिदिन की खरीदी का आकलन कर उतनी मात्रा में प्रतिदिन धान क्रय किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही आगामी 25 जनवरी से संभावित आकस्मिक वर्षा के परिप्रेक्ष्य में खरीदी केंद्र में रखे समस्त धान.स्कंध की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  एस आलोक, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं एस के तिग्गा, प्रभारी खाद्य अधिकारी अनिल जोशी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी ठाकुर, सहायक खाद्य अधिकारी संजय शर्मा, सहकारिता विस्तार अधिकारी अनीश दीवान, खाद्य निरीक्षक सीएस वर्मा उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news