दुर्ग

खोपली में मंजू बनीं सरपंच, भाजपा ने लोकतंत्र की जीत बताया
22-Jan-2022 2:58 PM
खोपली में मंजू बनीं सरपंच, भाजपा ने लोकतंत्र की जीत बताया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 जनवरी ।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खोपली में सरपंच पद के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी मंजू फत्तेलाल वर्मा की 522 मतों से जीत को भाजपा ने प्रशासनिक अड़ंगेबाजी के खिलाफ लोकतंत्र की जीत बताया है।
इस संबंध में प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी और जिला भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. जय सिंह राजपूत ने शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय में संयुक्त रुप से प्रेसवार्ता कर शासन व प्रशासन की कार्यशैली को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित सरपंच मंजू वर्मा के पति फत्तेलाल वर्मा पूर्व में ग्राम पंचायत खोपली के सरपंच थे, जो पंचायती राज व्यवस्था के तहत जनता की बेहतर सेवा कर रहे थे। सरपंच फत्तेलाल वर्मा पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उन्हें एसडीएम द्वारा धारा 40 के तहत 14 नवंबर को बर्खास्त कर दिया गया। जिसकी अपील उन्होंने जिला कलेक्टर से की थी, लेकिन कलेक्टर द्वारा अपील को खारिज कर दिया गया। फलस्वरुप फत्तेलाल वर्मा ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। मामले में फत्तेलाल को हाईकोर्ट से स्थगन आदेश मिला था और 1 माह के भीतर मामले का निराकरण करने कलेक्टर को कहा गया था। इस बीच बड़ी मशक्कत के बाद फत्तेलाल वर्मा ने दुबारा सरपंच पद का पदभार संभाला था।

प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी और जिला भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. जय सिंह राजपूत ने बताया कि फत्तेलाल वर्मा ने दुबारा पदभार संभाला, किन्तु 20 दिसंबर 2021 को कलेक्टर ने पुन: उन्हें बर्खास्त कर दिया। फिर पंचायती राज चुनाव की आचार संहिता लग गई। ग्राम पंचायत खोपली में सरपंच पद के उपचुनाव के लिए फत्तेलाल वर्मा द्वारा अपना नामांकन दाखिल किया गया। जो निरस्त हो गया। फत्तेलाल वर्मा की सरपंच पद से बर्खास्तगी का यह मामला संभागायुक्त कार्यालय में विचाराधीन है। जिस पर 22 फरवरी 2022 को सुनवाई होनी है। प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी और जिला भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. जय सिंह राजपूत ने बताया कि फत्तेलाल वर्मा ग्राम खोपली भाजपा मंडल के अध्यक्ष है। उन्होंने उपचुनाव में अपनी पत्नी मंजू वर्मा को सरपंच पद का चुनाव लड़वाया। मंजू वर्मा को चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है। यह जीत लोकतंत्र की जीत है। प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी और जिला भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. जय सिंह राजपूत ने आरोप लगाया है कि फत्तेलाल की सरपंच पद से बर्खास्तगी स्थानीय विधायक के इशारे पर प्रशासन द्वारा की गई थी, लेकिन लोकतंत्र में जनता जनार्दन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जनता जनार्दन ने फत्तेलाल वर्मा की पत्नी मंजू वर्मा को सरपंच पद पर जीत दिलाकर शासन-प्रशासन को आईना दिखा दिया है।

श्रीमती टावरी और डॉ. राजपूत ने कहा है कि राजनीति में विचारधारा अलग-अलग हो सकती है, लेकिन निर्वाचित प्रतिनिधियों को कार्य करने का अवसर देना चाहिए। यही लोकतंत्र का मुख्य उद्देश्य है।  प्रेसवार्ता के दौरान खोपली भाजपा मंडल अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा, गंजपारा सदर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक चोपड़ा भाजयुमों महामंत्री गौरव शर्मा भी मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news