महासमुन्द

अधिवक्ता संघ का मतदान शुरू, अनिल शर्मा 8वीं बार अध्यक्ष की दौड़ में
22-Jan-2022 4:13 PM
अधिवक्ता संघ का मतदान शुरू, अनिल शर्मा 8वीं बार अध्यक्ष की दौड़ में

पांच पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी।
जिला अधिवक्ता संघ का मतदान आज पुराना कचहरी चौक में सुबह 10 से शुरू है। यहां कुल नौ पदों के लिए चुनाव हो रहा है। वहीं पांच पद निर्विरोध चुन लिए गए हैं। बीते 7 बार के अध्यक्ष अनिल शर्मा आठवीं दफे अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे हैं। अध्यक्ष पद के लिए ओम कुमार शुक्ला भी मैदान में हैं। प्रात: 10 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए खड़े उम्मीदवारों का फैसला 208 अधिवक्ता मिलकर करेंगे। मतदान को लेकर पूरी तैयारियां निर्वाचन अधिकारियों द्वारा कल ही कर ली गई थी। मतदान के बाद शाम को एक घंटे के अंदर मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी। शाम साढ़े 5 बजे स्पष्ट हो जाएगा कि अध्यक्ष कौन बनेगा।

इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, ग्रंथालय सचिव व कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों के लिए मतदान हो रहा है। सुरेश चंद्राकर को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। पांच पदों के लिए एक ही नामांकन दाखिल होने के कारण वे निर्विरोध चुने गए हैं। लेकिन अध्यक्ष सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, ग्रंथालय सचिव व कार्यकारिणी सदस्य के लिए सीधे टक्कर है। इन पदों के लिए एक से अधिक नामांकन प्राप्त हुए हैं। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 12 जनवरी से शुरू हुई है। 12 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ। इसके बाद 14 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा हुआ। उसके एक घंटे बाद नाम वापसी का समय अभ्यर्थियों को दिया गया। निर्धारित समय तक किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया।

इस बार उपाध्यक्ष महिला साधना ठाकुर नैनी, सह सचिव जगजीत सिंह टी के, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल एवं सांस्कृतिक सचिव एके जिलानी एवं कार्यकारिणी महिला सदस्य ईश्वरी निर्विरोध हैं। अध्यक्ष प्रत्याशी अनिल शर्मा का कहना है कि वे कोर्ट में महिला अधिवक्ताओं के लिए कक्ष का निर्माण और परिसर में अधिवक्ताओं के लिए निर्मित शेड को व्यवस्थित करेंगे और बार के बीच समन्वय बनाएंगे। जबकि अध्यक्ष प्रत्याशी ओम शुक्ला का कहना है कि उनका उद्देश्य अधिवक्ताओं की समस्या के साथ ही संघ के लिए कार्य करना है। कई ऐसी समस्या है जिसका निराकरण आज तक नहीं हो पाया है जिसके लिए वे अध्यक्ष बनने के बाद कार्य करेंगे।

इस तरह जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष अनिल शर्मा व ओम कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष पद के लिए कन्हैया साहू व तरुण जलक्षत्री, सचिव के लिए मोबिन कुरैशी, नूतन साहू व ऋषि शर्मा, ग्रंथालय सचिव के लिए अशोक गुप्ता व रिखीराम साहू,  कार्यकारिणी में पांच पद के लिए देवेन्द्र कुमार साहू, धनेश चंद्राकर, धरम गोलछा, मणिराम साहू, नारायण लाल साहू, नरेन्द्र कुमार साहू एवं राजेन्द्र सिंह बांसवार के बीच मुकाबला है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news