राजनांदगांव

परसाटोला सरपंच हेमलता का कांग्रेस प्रवेश
23-Jan-2022 2:32 PM
परसाटोला सरपंच हेमलता का कांग्रेस प्रवेश

विधायक मंडावी ने किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 23 जनवरी।
ब्लॉक के कौड़ीकसा भाजपा मंडल में महिला मोर्चा की वर्तमान अध्यक्ष हेमलता ठाकुर ने गत दिनों भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र देकर कांग्रेस में प्रवेश कर लिया है। भाजपा की महिला नेत्री को संसदीय सचिव व मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने मोहला में कांग्रेस का गमछा पहनाकर एवं पार्टी का प्राथमिक सदस्यता फार्म भरकर कांग्रेस प्रवेश कराकर उनका पार्टी में स्वागत किया।

परसाटोला सरपंच हेमलता ठाकुर ने गत दिनों भाजपा से इस्तीफा दे दिया। इस घटना को ब्लॉक की राजनीतिक हल्के में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। सरपंच श्रीमती ठाकुर वर्तमान में भाजपा के कौडीकसा मंडल में महिला मोर्चा अध्यक्ष का कार्यभार देख रही थीं। इससे पहले भी वह भाजपा के मंडल स्तरीय कई महत्वपूर्ण पदों में काम कर भाजपा की अनुसूचित जनजाति वर्ग की राजनीति एवं महिला विंग तथा सरपंचों में अपना विशिष्ट स्थान रखती हंै।

 श्रीमती ठाकुर के कांग्रेस में प्रवेश की अटकलें काफी दिन से चल रही थीं। उन्हें मोहला-मानपुर विधायक श्री मंडावी के निकटतम सहयोगी व सरपंच के रूप में जाना जाता है, इन्हीं कारणों के चलते परसाटोला ग्राम पंचायत को पिछले तीन वर्ष में छग शासन की ओर से करोड़ों की सौगातें मिली है। मंगलवार को सरपंच श्रीमती ठाकुर ने अटकलों पर विराम लगाते आखिरकार कांग्रेस में प्रवेश कर लिया।

सरपंच श्रीमती ठाकुर का कांग्रेस प्रवेश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, जिला पंचायत सदस्य बिरेन्द्र मसिया, विधायक प्रतिनिधि रामेन्द्र गोआर्य, सेक्टर प्रभारी राजकुमार ध्रुव, चन्द्रपकाश दखने, सुकलाल निषाद, जनपद अध्यक्ष कुमारी जुरेशिया आदि प्रमुख नेताओं ने स्वागत किया है।

सरपंच हेमलता ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय नेता कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा स्थानीय विधायक इंद्रशाह मंडावी की कार्यशैली एवं कांग्रेस पार्टी की रीति व नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस प्रवेश कर रही है। श्रीमती ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस में रहकर अब केवल ग्राम पंचायत ही नहीं वनांचल में आदिवासी समाज की मजबूती एवं विकास तथा सर्व समाज की खुशहाली के लिए कार्य करेंगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news