महासमुन्द
महासमुंद, 24 जनवरी। पिथौरा थाना क्षेत्र के फिरतू कटेल जंगल व बार की सीमा से लगे ग्राम भिथीडीह में शनिवार को खेत में मिले शव की पहचान कल दूसरे दिन भी नहीं हो पाई। पुलिस लगातार मृतक के पहचान के लिए जुटी हुई है। समाचार लिखते तक आज सुबह के 11 बजे हैं लेकिन शव को पहचान सकने में सफलता नहीं मिली है। कल रविवार को मृतक का पीएम कराया गया। शार्ट पीएम में कठोर वस्तु से सिर पर प्रहार करने से मौत का होना पता चला है।
शार्ट पीएम की रिपोर्ट के बाद पिथौरा ने पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ आज अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है कि मृतक के परिजनों का पता कैसे लगाएं। पुलिस का कहना है कि जैसे ही मृतक के परिजनों की पहचान होगी, हत्यारे का भी सुराग लगेगा। इसके बाद ही हत्या के मामले का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पहचान के लिए हर तरीका अपना रही है।
पिथौरा थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल है। शनिवार को शव मिलने के बाद आस-पास के गांव सहित बार जंगल से लगे सभी गांव में उसकी पहचान कराई गई, लेकिन उसे किसी ने नहीं पहचाना। मालूम हो कि ग्राम भिथीडीह में शनिवार सुबह ग्राम धनसिंह खडिय़ा के खेत में युवक का शव ग्रामीणों ने देखा था। इसके बाद इसकी सूचना पिथौरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची थी। शव को देखकर पुलिस कयास लगा रही है कि मृतक की हत्या आरोपियों ने अन्यत्र स्थान पर कर यहां खेत में फेंक दिया है। मृतक के शव का जायजा टीम ने लिया तो देखा कि सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान हंै। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल की है।