राजनांदगांव

देश सेवा के संकल्प के साथ मनी नेताजी की जयंती
25-Jan-2022 4:19 PM
देश सेवा के संकल्प के साथ मनी नेताजी की जयंती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जनवरी ।
सुभाष चौक मोतीपुर में आजादी के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 125वीं जयंती देश की सेवा के संकल्प के साथ मनाई गई। स्वतंत्रता में उनके योगदानों का स्मरण करते पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि आज हम देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ संकल्प करके जाएं। अगली जयंती तक उसे हमें पूरा करना है, तभी नेताजी का पुण्य स्मरण सार्ख होगा।

नेताजी सुभाष क्लब द्वारा आयोजित समारोह में सर्वप्रथम नेताजी की आदमकद प्रतिमा पर पूर्व सांसद यादव व महापौर काउंसिल के सदस्य मधुकर वंजारी समेत अन्य अतिथियों ने पुष्पचक्र अर्पित किया। पुष्प मालाएं चढ़ाई गई। पूजा के बाद वहां तिरंगा झंडा फहराया गया। स्कूली बच्चों ने जन-गण-मन के बाद नेताजी के सम्मान में जयघोष किया।

भाजपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि नेताजी हर युवा के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जिस वीरता के साथ अंग्रेजों के खिलाफ  जीवन पर्यंत लड़ाई लड़ी, वह आज भी देशप्रेम का जज्बा जगाने वाला है। उन्होंने कहा कि कोई महापुरूष यह कहकर नहीं गया कि उनकी पूजा की जाए। मालाएं पहनाई जाए, लेकिन उन्होंने जो अविस्मरणीय काम किया है,  वह अतुलनीय है। यही कारण है कि आज पूरे देश में जयंती पर नेताजी की वीरता का गुणगान किया जा रहा है। यादव ने कहा कि इसी से देश की सेवा का संकल्प लेकर उसे पूरा कर हम नेताजी के बलिदान का सही सम्मान कर पाएंगे।

महापौर परिषद में लोक निर्माण विभाग के सभापति मधुकर वंजारी ने सुभाषचंद्र बोस की वीरगाथा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेताजी में अद्भुत नेतृत्व क्षमता थी। यही कारण है कि उन्होंने देश ही नहीं, बल्कि कई देशों में आजाद हिंद फौज खड़ी कर दी थी। तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूगां का नारा बुलंद कर उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में लाखों युवाओं को जोडक़र अपने नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया।

क्लब के अध्यक्ष चंदन वर्मा की तरफ  से क्लब के वरिष्ठ सदस्य सावन वर्मा ने कुछ मांगें रखी। इसमें क्लब भवन के जीर्णोद्धार प्रमुख मांग थी। इस पर यादव व वंजारी ने आने वाले दिनों में शासन-प्रशासन की मदद से उसे पूरी कराने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि मदन यादव,  शैलेष ठावरे, शिव कुमार,  रोहित वर्मा,  महेश सिन्हा,  अज्जू सिन्हा आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news