कांकेर

केशकाल विधायक ने 54 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
14-Mar-2022 4:50 PM
केशकाल विधायक ने 54 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 14 मार्च। केशकाल नगर पंचायत अंतर्गत अलग-अलग वार्डों में निवासरत लोगों को अनेक प्रकार के विकास कार्यों की सौगात मिली है। रविवार को केशकाल विधायक संतराम नेताम एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत क्षेत्रान्तर्गत लगभग 54 लाख रुपए की लागत से निर्मित अनेक प्रकार के विकासकार्यों का लोकार्पण किया है। इन विकास कार्यों में वार्ड- 2 में निर्मित गौठान, वार्ड- 3 में पौनी पसारी शेड, वार्ड- 4 ठाकुर समाज  के लिए शेड, और वार्ड- 10 में पार्षद निधि से निर्मित शेड का लोकार्पण शामिल है।

विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए रविवार को वार्ड- 2 में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम शामिल हुए थे। जहाँ सर्वप्रथम वार्ड की महिलाओं ने विधायक एवं सभी जनप्रतिनिधियों व अतिथियों का तिलक चंदन लगाकर स्वागत किया। तत्पश्चात विधायक ने रिबन काट कर नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर ने बताया कि विकास कार्यों के चलते नगर पंचायत क्षेत्र के अलग-अलग भागों में 54 लाख रुपए का लोकार्पण विधायक के द्वारा किया गया है। साथ ही समाज और नगरवासियों के मांग के अनुसार शासन के द्वारा तत्काल राशि स्वीकृत की जा रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री द्वारा आम जनता के हित में कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते आसानी से हर मांग पूरा हो रहा है।

 मुख्य अतिथि विधायक संतराम नेताम ने कहा कि नगर पंचायत के वासियों को प्रत्येक मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाना हमारी प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नगरीय प्रशासन कार्ययोजना तैयार करती है, जिसके बाद शासन द्वारा राशि स्वीकृत की जाती है।

वर्तमान में नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे प्रत्येक नगरवासी को लाभ मिल रहा है। मुझे नगर पंचायत के द्वारा और भी विकासकार्यों के सम्बंध में प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, हमारा प्रयास रहेगा कि आगामी बजट में यह सभी मांगे भी पूरी की जाएगी।

विधायक ने कहा कि हमारी छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार जनहितकारी निर्णय लेने में पूर्णत: सक्षम है, और हम शासन की महत्वकांक्षी योजनाओं का लाभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन जन तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान, उपाध्यक्ष बिहारीलाल शोरी, पार्षदगण यासीन मेमन, पंकज नाग, हेमन्त बांधे, सरपंचगण माहेश्वरी हिडक़ो, सुरेखा मरकाम, संगीता नेताम, वरिष्ठ कांग्रेसी यूनुस पारेख, विधायक प्रतिनिधि अरुण अग्निहोत्री, बलराम गौर, फिरोज मेमन, सीएमओ नमेश कावड़े समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन केशकाल खण्ड स्रोत समन्वयक प्रकाश साहू ने किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news