बालोद

पूर्व ही नहीं वर्तमान पदाधिकारी भी कांग्रेस को कह रहे हैं अलविदा
16-Apr-2022 1:12 PM
पूर्व ही नहीं वर्तमान पदाधिकारी भी कांग्रेस को कह रहे हैं अलविदा

देवरी ब्लॉक महामंत्री ने भी छोड़ी कांग्रेस

गुंडरदेही विधायक एवं संगठन की कार्यप्रणाली से कार्यकर्ताओं में असंतोष - छक्कन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 16 अप्रैल।
देवरी ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री छक्कन साहू ने भी कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को भेजा दिया। जिसकी प्रतिलिपि जिला कांग्रेस कमेटी बालोद अध्यक्ष को भी प्रेषित की।

गुंडरदेही विधानसभा में लगातार कांग्रेस में इस्तीफे का दौर चल रहा है। ज्ञात हो कि इससे पूर्व बालोद जिला कांग्रेस कमेटी के दो बार जिला अध्यक्ष रहे अभिषेक शुक्ला ने इस्तीफे की शुरुवात की। इसके बाद अर्जुन्दा ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रजनीकांत शर्मा और गुंडरदेही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश साहू ने भी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कांग्रेस छोड़ दिया था।

देवरी ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री छक्कन साहू ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक शुक्ला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिस पीड़ा को लेकर कांग्रेस पार्टी छोड़ी है, वास्तव में वह मेरा और मेरे जैसे समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पीड़ा है। मैं स्वयं कई वर्षों से एक कांग्रेस कार्यकर्ता से लेकर बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और अभी वर्तमान में महामंत्री-ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी का पदाधिकारी के नाते लगातार तन, मन, धन से पार्टी द्वारा दिये गए दायित्वों का पालन कर रहा था और हर स्तर में कांग्रेस की मजबूती के लिए सदैव तत्पर रहा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए मेरे जैसे हर कार्यकर्ता ने कड़ी से कड़ी मेहनत की थी।

सरकार बनने के बाद कांग्रेस का कार्यकर्ता उपेक्षा और तिरस्कार झेल रहा है। कार्यकर्ता अपने एवं जनता की समस्याओं को लेकर मंत्री विधायक के चक्कर लगा रहे हंै। उनका कोई भी काम नहीं हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अब तो इतनी दयनीय स्थिति हो गई है कि जिस विधायक को उन्होंने  जिस आशा और विश्वास से चुना था। उन कार्यकर्ताओं को सिर्फ निराशा हाथ लगी। कार्यकर्ताओं का सिर्फ शोषण हो रहा है।

ब्लॉक महामंत्री छक्कन साहू ने संसदीय सचिव और गुंडरदेही विधायक पर आरोप लगाते कहा कि विधायक के द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है और उनको अपमानित  किया जा रहा है, कार्यकर्ताओं का कोई काम नहीं करते।

श्री साहू ने कहा कि गुंडरदेही क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विश्वास कांग्रेस के बड़े नेताओं के ऊपर से उठ गया। हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश मे कांग्रेस की सरकार बनी, पर कांग्रेस का कार्यकर्ता उपेक्षित है।

कांग्रेस ऐसी पार्टी हो गई है जहाँ सिर्फ नेताओं की परिक्रमा करने वाले ही रह सकते है और जिनको अपना मान सम्मान प्रिय है वो सभी लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं। आगे भी छोड़ते जाएंगे। क्योंकि कांग्रेस का सच्चा सिपाही अपने सम्मान और इज्जत की परवाह करते है। कांग्रेस की इन सभी स्थितियों को देखकर मैंने भी कांग्रेस पार्टी छोड़ दी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news