राजनांदगांव

नवगठित जिले को समृद्ध जिला कलाधानी के रूप में विकसित करने शासन प्रतिबद्ध - सीएम
28-Apr-2022 3:45 PM
नवगठित जिले को समृद्ध जिला कलाधानी के रूप में विकसित करने शासन प्रतिबद्ध - सीएम

खैरागढ़ महोत्सव का शुभारंभ, साढ़े 6 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास, निवेशकों को डेढ़ करोड़ वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अप्रैल।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को दीप प्रज्ज्वलित कर खैरागढ़ महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 6 करोड़ 51 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया तथा चिटफंड कंपनी के 1 करोड़ 57 लाख रूपए की राशि 17 हजार 127 निवेशकों को वितरित किया। मुख्यमंत्री बघेल ने जिले में 14 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से स्थापित 9 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने खैरागढ़ इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के स्थापनाकर्ता खैरागढ़ के राजा वीरेन्द्र बहादुर सिंह और रानी पद्मावती देवी तथा राजकुमारी इंदिरा को स्मरण करते नमन किया।

उन्होंने कहा कि संगीत के प्रति एक समर्पित भावना के साथ वर्ष 1956 में स्थापित इस विश्वविद्यालय ने देश-दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के निर्माण एवं खैरागढ़ महोत्सव के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ जिला निर्माण प्रक्रिया शुरू हो गई है और यहां पर ओएसडी की नियुक्ति भी कर दी गई है। साल्हेवारा को पूर्ण तहसील एवं जालबांधा को उप तहसील बनाया गया है, इसकी भी बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक संस्कृति, लोक संस्कृति एवं कला एवं संगीत को बढ़ाने की जरूरत है। नवगठित खैरागढ़़-छुईखदान-गंडई जिले को समृद्ध जिला कलाधानी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि बस्तर, सरगुजा, रायगढ़ एवं रायपुर में कला एवं संगीत के अध्ययन केन्द्र एवं शाखा होनी चाहिए। उन्होंने इसके लिए बजट में प्रावधान की बात कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य प्राचीन काल से समृद्ध राज्य के रूप में विख्यात रहा है एवं व्यापारिक रूप से समृद्ध रहा है। मुख्यमंत्री ने देर तक सुप्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति के गीतों का आनंद लिया।

उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने  कहा कि मुख्यमंत्री बघेल छत्तीसगढ़ में शिक्षा को गुणवत्ता के साथ विकसित करने पर प्रतिबद्ध है। राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक आयाम किए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक कॉलेज को नैक एक्रेडेशन करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि मुख्यमंत्री ने जो भी आयाम दिया है, उसे कटिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति पद्मश्री मोक्षदा (ममता) चंद्राकर ने कहा कि जिस विश्वविद्यालय में उन्होंने शिक्षा प्राप्त की है, उस विश्वविद्यालय में रचनात्मक और गुणात्मक कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के लिए अनेक मांगे रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने अगले बजट में पूरा करने का भरोसा दिया।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सौगात एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।  इस अवसर पर सुप्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति के गीतों ने समा बांध दिया। एक से बढक़र एक मधुर गीतों के श्रोता कायल हुए। इस अवसर पर संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू, नवनिर्वाचित विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा,  नगर पालिका खैरागढ़ के अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा, आईजी ओपी पाल, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, एसडीएम टंकेश्वर साहू सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news