कोरिया

10 वर्षों 173 लोगों को मिला सहायता का लाभ
07-May-2022 3:17 PM
10 वर्षों 173 लोगों को मिला सहायता का लाभ

12 वर्षों से गुरूजी के भरोसे रेडक्रॉस संस्था का कामकाज

8 मई विश्व रेडक्रॉस दिवस..

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 7 मई।
8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया जाता है। इस दिन विश्व भर में इसे लेकर आयोजन किया जाता है। वैश्विक स्तर पर रेडक्रॉस का विशेष महत्व है। कोरिया जिले में भी कलेक्टर रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इसके सचिव है। परन्तु इसके संचालन की जिम्मेदारी बीते 12 वर्ष से एक शिक्षक के हाथों में है जो कहने को प्रभारी है, परन्तु काम वो सीएमएचओ विभाग से करवाता है।

इस संबंध में संस्था का प्रभार देख रहे वाल्मिकी दुबे से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष 2000 में तत्कालिन कलेक्टर नीलम शमी राव ने इस कार्य का प्रभार सौपा था, बीच में वर्ष 2006 से 2014 तक मुझे हटा दिया गया था, उसके बाद 2014 से अब तक मुझे इसकी जिम्मेदारी दी गई है। मेरे पास पुरातत्व का भी अतिरिक्त प्रभार है।

कोरिया जिले में रेडक्रास संस्था शिक्षक के भरोसे संचालित है। इस संस्था की गतिविधियां जिले में शून्य ही कही जा सकती है क्योंकि प्रतिवर्ष जिस तरह की सक्रियता के साथ रेडक्रास संस्था को कार्य किया जाना चाहिए वैसा कार्य जिले में नहीं हो पा रहा है। जिस कारण रेडक्रॉस की पहचान भी सिर्फ कागजों में ही रह गयी है। 8 मई को रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जरूर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है इसके बाद विभिन्न तरह के आयोजन साल भर में गिने चुने ही होते है। कोरोना काल के दौरान इसकी गतिविधियॉ भी नही के बराबर रही है।

10 सालों में 173 लोगों को मिली सहायता
कोरिया जिले में रेडक्रॉस संस्था का हाल किसी से छिपा नहीं है। इस संस्था का प्रभार देख रहे वाल्मिकी दुबे ने बताया कि बीते 10 सालों में 173 लोगों को रेडक्रॉस संस्था से मदद दी गयी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष अधिकतम 10-12 लोगों को मदद दी जाती है। जिसके तहत अधिकतम 10 हजार रूपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस संस्था द्वारा स्कूलों का पंजीयन, प्रशिक्षण, कैंप का आयोजन वर्ष 2014-15 में कराया गया था साथ ही वर्ष 2018 में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया था।

श्री दुबे ने बताया कि वर्तमान में रेडक्रॉस सोसायटी के पास  20-21 लाख रूपये है जो चंदा एकत्र कर जमा किया गया है जिससे लोगों की मदद की जाती है किसी तरह का फंड नहीं मिलता है। वहीं जब उन्हें बताया गया कि 8 मई को रेडक्रॉस डे है तो वे हड़बड़ा गए और अब विश्व रेडक्रॉस डे के उपलक्ष्य में कोई ना कोई आयोजन की योजना बनाने में जुट गए।

क्यों मनाया जाता है विश्व रेडक्रास डे
गौरतलब है कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी अधिनियम के तहत 1920 में रेड क्रास सोसायटी की स्थापना की गयी यह एक स्वयं सेवी संस्था है। अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रास दिवस रेडक्रॉस के संस्थापक व शांति के पहले नोबल पुरस्कार विजेता जीन हैनरी ड्यूनेट के जन्म दिवस के अवसर पर मनाया जाता है। रेडक्रॉस संस्था देश के विभिन्न भागों में सफलतापूर्वक कार्य कर रही है। यह संस्था कमजोर लोगों एवं समुदायों के स्वास्थ्य और देखभाल का कार्य सफलतापूर्वक कर रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news