महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मई। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान असानी के असर से आज बुधवार को भी मौसम नरम है। आसमान में बादलों के टुकड़े धूप से निजात दिला रहे हैं। कल मंगलवार की सुबह से ही इसका प्रभाव देखने को मिला। जिले में दिनभर धूप-छांव का खेल चला और हवा की रफ्तार तेज होने के साथ अन्य दिनों की तुलना में ठंडी रही। इसके चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
महासमुंद जिले की बात करें तो यहां तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। कल मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को रायपुर और कुरुद में सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। जिले के तेंदूकोना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अचानक तेज धूप के बीच बारिश हुई। यहां करीब 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद अचानक बारिश थम गई। लिहाजा थोड़ी उमस की स्थिति निर्मित हुई। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात असानी अभी पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके उत्तर.पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। महासमुंद जिले में कल 12 मई के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी का अनुमान है।