बस्तर

भूपेश सरकार के खिलाफ जेल भरो आंदोलन 16 को
13-May-2022 9:27 PM
भूपेश सरकार के खिलाफ जेल भरो आंदोलन 16 को

भाजपा बैठक में बनी रणनीति, कलेक्टोरेट घेरेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 मई।
छत्तीसगढ़ में धरना, प्रदर्शन , आंदोलन को रोकने वाले सर्कुलर के खिलाफ बस्तर जिला भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए जगदलपुर में  16 मई को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा एवं हजारों की संख्या में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय जगदलपुर में नगर मंडल की बैठक आहुत की गई। जिसमें कुशाभाऊ ठाकरे कार्य विस्तार योजना एवं जेल भरो आंदोलन के विषय पर चर्चा की गई।

प्रदेश महामंत्री किरण सिंह देव ने कहा कि भूपेश बघेल प्रदेश में इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर रहे हैं। भूपेश सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि 15 दिनों के अंदर सर्कुलर को वापस ले। सर्कुलर वापस नहीं लेने को लेकर 16 मई को प्रदेश व्यापी जेल भरो आंदोलन जनता के सहयोग से किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी लोकेश कावडिय़ा ने धरना प्रदर्शन और आंदोलन पर बैन को लोकतंत्र की हत्या बताया है। राजनीतिक संगठन,सरकारी अधिकारी -कर्मचारी संगठन व सामाजिक संगठनों के पास अपनी बात रखने का आंदोलन ही एकमात्र माध्यम होता है सरकार उसे भी दबाना चाह रही है प्रदेश सरकार की इस आदेश का भाजपा विरोध करती है।

जिला अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर राजनीतिक संगठनों के आलावा प्रेस की आजादी भी छीन ली थी, ठीक उसी प्रकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इसी रास्ते से चल रहे हैं। आम लोगों की आवाज दबाने की कोशिश भूपेश सरकार कर रही है। 16 मई को 12 बजे हजारों  की संख्या में अपनी मांग को रखते हुए कलेक्टर का घेराव भाजपा जिला बस्तर द्वारा किया जाएगा।

जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार की हर गलत नीतियों का भाजपा विरोध करेगी इस दमनकारी फैसले को भूपेश सरकार  वापस ले। इस आदेश के खिलाफ भाजपा न्यायालय जाएगी।

नगर अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा अब राज्य सरकार को हर मोर्चे पर घेरने की रणनीति बनाकर काम कर रही है। कार्यक्रम का संचालन संग्राम सिंह राणा एवं आभार मनोहर दत्त तिवारी ने किया।

इस बैठक में मुख्य रूप से श्रीनिवास राव मद्दी,आलोक अवस्थी, संजय पांडे,आर्यद्र सिंह आर्य, शैलेंद्र सिंह भदोरिया, आशुतोष पाल,राकेश तिवारी, रोशन कुमार झा, शशि नाथ पाठक,अविनाश श्रीवास्तव, किरण सेन, ममता पोटाई, राम कुमारी यादव, श्रीपाल जैन आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news