गरियाबंद

प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का सोमवार को जेल भरो आंदोलन
15-May-2022 4:28 PM
प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का सोमवार को जेल भरो आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 15 मई।
सोमवार 16 मई को जेल भरो आंदोलन की तैयारी को लेकर शनिवार को भाजपा जिला ग्रामीण जिला मंत्री परदेसीराम साहू ने अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक ली बैठक में भाजपा पदाधिकारी अनिल अग्रवाल, चेतना गुप्ता, किशन शर्मा, प्रदीप शर्मा, इंद्रकुमार साहू, सूरज लाल साहू,भरत बैस, धनीराम पटेल, गौरव शर्मा, संचित तिवारी,संगीता शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे इस अवसर पर जारी बयान में परदेसीराम साहू ने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने संविधान की धज्जियाँ उड़ा दी है।

जनता को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ आंतक, भय व गैर कानूनी कार्यों का अड्डा बन गया है। छत्तीसगढ़ सरकार खुद दमन में उतर आई है। चहुंओर भ्रष्टाचार, भय, आतंक लूट व्याप्त हो गया है कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है और जब प्रजातांत्रित अधिकारों के तहत, इनके वादाखिलाफी, इनके भ्रष्टाचार, इनके आतंक को लेकर आम आम जनता, शासकीय कर्मचारी किसान, युवा, बेरोजगार, छात्र, महिलाएं एवं पीडि़त वर्ग जब सडक़ पर उतर रहे है तो सरकार अपने बेनकाब होने के डर से संविधान की हत्या करते हुए जनता से उनके आन्दोलन, रेली व प्रदर्शन के  मौलिक अधिकार को भी छीन रही है।

श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही दमन व आपातकाल लगाने का रहा है। प्रजातंत्र की हत्या उनकी मूल संस्कृति एवं प्रवृत्ति रही है। जिस तरह 1977 में देश की जनता ने कांग्रेस व इंदिरा गांधी की गलत नीतियों का विरोध सडक़ पर किया था तब इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर जनता को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया था, ठीक उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए भूपेश बघेल व छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपने खिलाफ व्यापक संघर्ष के उठ रही आवाज को दबाने एक आदेश जारी कर धरना स्थल को ही शहर से 25 कि.मी. दूर सूनसान स्थान पर ले जाने आदेश जारी कर दिया है जिससे कि सरकार के खिलाफ उठ रही आवाज आम जनता तक नहीं पहुंच पाए। रैली, प्रदर्शन, धरना, जुलूस धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक एवं कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के लिए 19 बिन्दुओं की एक जैसी शर्तें थोपी गई है जिससे कोई भी दल, संगठन या संस्था सरकार के भ्रष्टाचार, अनैतिकता, लूट व आतंक के खिलाफ कोई रैली, प्रदर्शन सभा व कार्यक्रम न कर सकें।
प्रदेश में लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है प्रजातंत्र की खुलेआम हत्या की जा रही है और प्रदेश सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन विरोध प्रदर्शन को दबाने नीचता पर उतर आया है।

 जिससे प्रदेश में आपात काल जैसे हालात निर्मित हो गए हैं जिस प्रकार हम सबने आपातकाल का विरोध कर इंदिरा गांधी व कांग्रेस को उखाड़ फेका था आज फिर वही स्थिति दुवारा प्रदेश के सामने है, ऐसे में हम चुप कैसे बैठ सकते हैं। इन परिस्थितियों में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर जेल भरो आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

16 मई 2022 सोमवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर जेल भरो आंदोलन का शंखनांद करेगी। आम जनता, धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक एवं कर्मचारी संगठनों से आग्रह है कि लोकतंत्र की बहाली के लिए भाजपा द्वारा आयोजित इस आंदोलन में अपनी महती सहभागिता निभाएं और लोकतंत्र के हत्यारी भूपेश सरकार के खिलाफ सडक़ की लड़ाई में भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर सडक़ पर उतरे व जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news