सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,15 मई। आज नगर के गांधी चौक में स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति खंडित मिली, जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार को लोगों की नजर गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की खंडित मूर्ति पर पड़ी। सूचना पर सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की खंडित मूर्ति को संज्ञान में लेकर जांच प्रारम्भ करा दी है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक स्थल निरीक्षण हेतु पहुँचे हुए थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक मुआयना से ऐसा प्रतीत होता है कि मूर्ति कलाई के हिस्से से टूटी है और उसी के भार से छड़ी भी टूट गई है। टूटा हुआ हिस्सा मूर्ति के पेडेस्टल में ही पड़ा हुआ है जिससे इसके किसी असामाजिक तत्वों के द्वारा किए जाने की संभावना कम प्रतीत होती है, फिर भी पुलिस जांच जारी है। गांधी की मूर्ति को ससम्मान कपड़े से नगर निगम के सहयोग से ढंक दिया गया है, जल्द ही मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।