रायपुर

सीएम हाउस का घेराव रोकने शहर की किलेबंदी
16-May-2022 7:01 PM
सीएम हाउस का घेराव रोकने शहर की किलेबंदी

बेरिकेड्स के घेरे में यातायात का डिब्बा गुल, परिवर्तित मार्गों में भी लोग दिनभर हलाकान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 मई। भाजपा के जेल भरो आंदोलन के चलते शहर दिनभर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। जगह-जगह बनाए गए बेरिकेड्स के घेरे के बीच गाड़ी चालक फंसते रहे। खासकर से सिविल लाइंस की ओर जाने वाले रास्ते बंद करने की वजह से लोगों को भटकना पड़ा। पीडब्लूडी चौक, एसआरपी चौक, गांधी उद्यान और फिर तेलीबांधा मुख्य मार्ग को भी पुलिस ने बंद रखा। सुबह प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन के चलते पुलिस बल तैनात किया गया। व्यवस्था संभालने के लिए अलग-अलग जगहों में लगभग 12 सौ पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई। सुबह से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवर्तित मार्गों में भी गाडिय़ों की भीड़ का दबाव दूर करने नए फिक्स प्वाइंट भी तय किए बावजूद यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। जिन रास्तों पर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका वहां पौन घंटे पहले ही गाड़ी चालकों के आगे जाने रोक लगाई गई। ऐसे गंतव्य स्थल जिसकी दूरी एक से डेढ़ किलोमीटर तक की वहां पांच से सात किमी का चक्कर काटना पड़ा। बेरिकेडिंग के चलते कलेक्टोरेट परिसर में सामान्य दिनों में जुटने वाली भीड़ कम रही। रजिस्ट्री कार्यालय में भी गिने चुने लोग आ सके। टीन और बांस-बल्लियों से बनाए गए बेरिकेड्स लांघने की कोशिश में भी प्रदर्शन चलता रहा। इसका सीधे असर यातायात पर पड़ा।

केनाल और एक्सप्रेस वे में दौड़

शंकर नगर, पंडरी, अवंति विहार, देवेंद्र नगर, रेलवे स्टेशन, फाफाडीह और शांति नगर की तरफ से निकलने वालों ने एक्सप्रेस वे और फिर केनाल लिंकिंग रोड का सहारा लिया। सुबह आठ बजे के बाद से ही दोनों बायपास काफी व्यस्त रहे। परिवर्तित मार्ग के बारे में जिन्हें  जानकारी नहीं थी वे तेलीबांधा और फाफाडी की तरफ जाकर फंस गए। बाद में उन्हें वापस करने पर फिर से परिवर्तित मार्ग घुमना पड़ा।

सीएम हाऊस में तगड़ी सुरक्षा

हाईसिक्योरिटी जोन सिविल लाइंस इलाके को पुलिस ने पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया। सीएम हाऊस आने वाले चारों तरफ के रास्ते को सीधे बंद कर दिया। गांधी उद्यान, पीडब्लूडी चौक, जल विहार कॉलोनी और फिर एसआरपी चौक की तरफ से गुजरने वाली गाडिय़ों को रोका गया। गाड़ी चालकों को परिवर्तित मार्ग से जाने को कहा गया।

ऑटो पकडऩे वालों को संकट

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से आने जाने वाले लोगों को बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशन से तेलीबांधा मार्ग में चार जगहों पर घेराबंदी होने की वजह से ऑटो वालों ने रास्ता बदला। स्टेशन से प्रत्येक दिन जेल रोड होकर गुजरने वाले एक्सप्रेस वे की तरफ निकले। यहां भी गाडिय़ों की भीड़ और दिन से ज्यादा होने से व्यवस्था बिगड़ी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news