बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 मई। गतौरी गांव में एक 6 साल के बच्चे का शव फांसी के फंडे पर लटका मिला। उसके माथे पर चोट के निशान हैं। पिता को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है।
गतौरी का राजकुमार भारती अपने परिवार सहित पड़ोस की एक शादी में गया था। इस बीच उसका 6 साल का बेटा मानस खेलने के नाम पर वहां से आ गया। कुछ देर तक वह आसपास के बच्चों के साथ खेलता रहा, फिर घर जाने की बात कहकर वहां से चला गया। करीब 20-25 मिनट बाद उसकी 14 साल की बुआ घर आई। उसने मानस को फंदे पर लटका पाया। घबराकर उसने तुरंत अपने भाई के पास जाकर बात बताई। मानस को फंदा खोलकर उतारा गया, पर उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मानस के माथे पर चोट के निशान थे। पिता राजकुमार ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि उसने किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कुछ देर पहले तक बच्चा खेल रहा था। उसके घर किसी को आते जाते नहीं देखा गया है। हो सकता है कि खेलने के दौरान बच्चे के गले में रस्सी फंस गई हो। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।