बिलासपुर

सूखी अरपा को जलकुंभी ने जकड़ा
18-May-2022 4:44 PM
सूखी अरपा को जलकुंभी ने जकड़ा

स्मार्ट सिटी का सपना दिखाने वालों को सफाई की परवाह नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 मई।
शहर को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी और स्मार्ट सिटी बनाने का दावा कर वोट हासिल करने वाले शहर के जनप्रतिनिधियों को अरपा नदी की बदहाली दिखाई नहीं दे रही है। दयालबंद से अपोलो अस्पताल जाने वाली सडक़ से अरपा नदी के पुल से देखने पर इस भीषण गर्मी में नदी में हरियाली छाई है।

मानसून सिर पर है। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए यहां बायपास पुल सहित तीन पुल बन रहे हैं। नदी के दोनों तरफ स्मार्ट सडक़ का काम शुरू हो चुका है। शहर के नेताओं को अरपा नदी में यही काम नजर आ रहा है। महानदी में रेत पर तरबूज- खरबूजों की खेती होती है। इधर अरपा नदी का बचा-खुचा पानी जलकुंभी ने सोख लिया है।

पर्यावरण प्रेमी प्राण चड्ढा इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहते हैं कि अरपा नदी जैव विविधता के लिए बेहद खतरनाक जलकुंभी की नर्सरी बन गई है। मानसून तक इसका उन्मूलन नामुमकिन है। फिर अरपा नदी में पानी आने के साथ ही जलकुंभी को भी दूर-दूर तक पहुंचा देगा। जहां वह फिर उगेगी और फिर बढ़ेगी।

चड्ढा कहते हैं कि अरपा नदी पर एक के बाद एक पुल या सडक़ बनाने से कहीं अधिक जरूरी इसे वनस्पतियों का दैत्य कहे जाने वाले जलकुंभी से मुक्त कराने की है। अधिकारी और नेताओं को चाहिए कि 22 मई रविवार को जैव विविधता दिवस पर इस समस्या को मिल-बैठकर समझने की कोशिश करें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news