रायपुर

गोल बाजार के व्यापारियों का विकास और निर्माण शुल्क भी माफ
21-May-2022 6:46 PM
गोल बाजार के व्यापारियों का विकास और निर्माण शुल्क भी माफ

कोरोना संकट से उबरे व्यापारियों को सीएम ने दी बड़ी राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मई। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल गोल बाजार व्यापारियों को एक और बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मालिकाना हक देने के फैसले के बाद अब विकास और निर्माण शुल्क भी माफ करने की घोषणा की है। इससे कोरोना संकट काल से उबरे व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल से आज गोल बाजार व्यापारी महासंघ के पदाधिकारियों ने उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के अनुरोध पर निर्माण शुल्क और विकास शुल्क माफ करने की घोषणा की। इस घोषणा से गोल बाजार में व्यापार करने वाले लगभग एक हजार से अधिक व्यापारियों को लाभ मिलेगा। व्यापारियों से मुलाकात के दौरान नगर-निगम रायपुर के महापौर ं एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा और नगर-निगम के आयुक्त प्रभात मलिक सहित व्यापारी उपस्थित थे।

 महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गोल बाजार में कई व्यापारी छोटे-छोटे व्यवसाय करते हैं। कोरोना काल में इन व्यापारियों को भी मंदी का सामना करना पड़ा है। उनकी परिस्थितियों को देखते हुए इनका निर्माण शुल्क और विकास शुल्क माफ किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की मांग पर संवेदनशील पहल करते हुए विकास शुल्क और निर्माण शुल्क माफ करने की घोषणा की। 

मुख्यमंत्री को इस मौके पर गोल बाजार व्यापारी महासंघ की ओर से भागवत गीता की प्रति भेंट की गई। यह पुस्तक रिमोट से संचालित होती है। यह पुस्तक रिमोट के माध्यम से अंग्रेजी, हिन्दी और संस्कृत भाषाओं में स्पीकर के माध्यम से सुनी और पढ़ी जा सकती है। मुलाकात के दौरान गोल बाजार व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष धनराज जैन, कार्यकारी अध्यक्ष अजय देवांगन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

इधर महापौर एजाज ढेबर ने पत्रकारवार्ता में कहा अब दुकानदारों को मालिकाना हक मिलेगा। इसके लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news