बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 21 मई। शनिवार को नेलसनार हेमलापारा से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों की एक टुकड़ी एरिया डॉमिनेशन के लिए निकली हुई थी। इसी बीच नक्सलियों द्वारा प्लांट आईईडी की चपेट में आने से छसबल का एक जवान घायल हो गया। जिसे बेहतर इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की दोपहर 2 से 3 बजे के बीच जवान जब एरिया डॉमिनेशन के लिए बांगोली व पाण्डेमुर्गा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रावती नदी के किनारे नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये आईईडी के ब्लास्ट हो जाने से इसकी चपेट में आये छसबल 8 वी वाहिनी के जवान आरक्षक थाम सिंह (26) पिता जवाहर सिंह निवासी जेठदफाई भैरोताल कटघोरा जिला कोरबा के दाहिने पैर में गंभीर चोट पहुंची है। घायल जवान का प्राथमिक उपचार नेलसनार में कर यहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया हैं।
विदित हो कि सप्ताह भर पूर्व भी इसी मार्ग में आईईडी ब्लास्ट की घटना हुई थी, जिसमें छसबल का एक जवान रामनाथ मौर्य घायल हो गया था। उसके दोनों पैरों में चोट आई थी।