गरियाबंद

खेत में पलारी जला रहे किसान, चारों ओर छाया कोहरा
02-Jun-2022 2:56 PM
खेत में पलारी जला रहे किसान, चारों ओर छाया कोहरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 2 जून।
ठंडियों के दिनों में सुबह शीत का कोहरा तो आपने देखा ही होगा, लेकिन इस तेज धूप में कोहरा दिखे तो आप क्या कहेंगे। दरअसल यह कोहरा शीत का नहीं, खेतों में जलाए गए पराली से उठने वाली धुआं है।
राजिम क्षेत्र के आस पास के गांव में धान की का कार्य अंतिम चरण में है। कटाई के बाद किसान खेतों में पड़े पराली को जला देते हैं। इससे वायु प्रदूषण और खेत की उपजाऊ क्षमता कमजोर होती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कई बार किसानों से पराली नहीं जलाने की बात कही है। पराली जलाने के बजाय किसानों को पैरा गांव के गौठानों में मवेशियों के लिए दान करने की अपील भी कर चुके हैं, लेकिन किसान है कि मानते नहीं।

कृषि विभाग के अफसरों के अनुसार किसानों को भ्रम है कि पराली जलाने के बाद अवशेष (राख) से खेत को खाद मिलेगा तथा खेत साफ हो जाएगा, लेकिन यह सोचना गलत है। पराली जलाने से भूमि की उपजाऊ क्षमता तथा लाभदायक कीट भी खत्म हो जाती है। साथ ही वायु प्रदूषण का कारण बनती है जिससे मनुष्य, पशु पक्षी सभी को विभिन्न प्रकार की बीमारियां भी होती है जिसका उदाहरण कई शहरों में कुछ वर्षों से देखने को मिल रहा है। इसे देखते हुए किसानों को पराली नहीं जाने की हिदायत दी जा रही है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए कृषि विभाग की विशेष टीम भी बनी है। जो ऐसा करते पाए जाने पर किसानों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करेगी।

मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक पराली जलाने से हवा में कार्बन, कार्बन डाई-आक्साईड, कार्बन मोनो ऑक्साइड तथा राख घुल जाती है। धान पराली जलाने से वायु प्रदूषित होने से आंखों में जलन एवं सांस संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। पराली जलाने से भूमि की उपजाऊ क्षमता लगातार घट रही है इस कारण भूमि में 80 प्रतिशत तक नाइट्रोजन, सल्फर एवं 20 प्रतिशत अन्य पोषक तत्व की कमी आ रही है। मित्र कीट की मृत्यु होने से नई-नई बीमारियां उत्पन्न होती है। एक टन धान पराली जले से 5.5 किलो ग्राम नाइट्रोजन, 2 किलो ग्राम फास्फोरस और 1.2 किलो ग्राम सल्फर जैसे पोषक तत्व नष्ट हो जाते है। पशुओं के लिए वर्ष भर चारा आपूर्ति की समस्या बन जाती है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news