बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 13 जून। सोशल मीडिया पर सीएम और सरकार के खिलाफ भ्रामक पोस्ट डालने के मामले में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के एक भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक युवती को भी आरोपी बनाया गया है, जिसे फरार बताया गया है।
जानकारी के अनुसार फेसबुक पर गौरी गुप्ता नाम की युवती ने मटियाडांड, मरवाही के एक धर्म-स्थल की फोटो डालकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इस पोस्ट को गौरेला भाजपा मंडल के महामंत्री पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने भी शेयर किया था। इसे लेकर बिलासपुर में कांग्रेस नेता अरविंद शुक्ला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की थी। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कांग्रेस नेता उत्तम वासुदेव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पंकज तिवारी, अजीत सिंह श्याम और ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 505 1(घ) तहत गौरी गुप्ता और पुष्पेंद्र त्रिपाठी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया था। गौरेला पुलिस ने कल पुष्पेंद्र त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी गौरी गुप्ता को पुलिस ने फरार बताया है।