सरगुजा

द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाये जाने से जनजाति समाज में हर्ष
23-Jun-2022 8:14 PM
द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाये जाने से जनजाति समाज में हर्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,23 जून।
जनजाति गौरव समाज सरगुजा द्वारा बुधवार को अम्बिकापुर के संत गहिरा गुरु आश्रम मणिपुर में देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के लिए द्रोपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाए जाने पर एनडीए सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार एवं धन्यवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदेश सचिव रामलखन सिंह पैंकरा ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर एनडीए सरकार ने जो पहल की है, उसका जनजाति गौरव समाज, सरगुजा स्वागत करता है।

जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष रायमुनि भगत ने जनजाति समाज की राष्ट्रपति होने से डी-लिस्टिंग कानून जल्द लाने और पास करने का आशा व्यक्त करते हुए इसे जनजाति समाज का सम्मान बताया।

जिला पंचायत कोरिया की अध्यक्ष रेणुका सिंह ने जनजाति समाज को गौरवान्वित करने वाले निर्णय के लिए एनडीए सरकार को धन्यवाद देते हुए आह्वान किया कि सभी पार्टियों को साथ देना चाहिए। राष्ट्रपति का चुनाव निर्विरोध हो।

निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा ने बताया कि स्वतंत्र भारत में यह पहला अवसर होगा, जब राष्ट्रपति जनजाति समाज से होंगी, इससे देश में बहुत अच्छा संदेश जाएगा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी वर्गों का विश्वास जीता है।

विनोद हर्ष ने द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने कम उम्र में ही पति और दो बेटों को खोया, लेकिन जीवन की सभी कठिनाईयों को पार करते हुए समाजसेवा को अपने जीवन में जोड़ा, वे झारखंड में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल भी रही हैं।

कार्यक्रम में संगठन की महिला जिलाध्यक्ष अनामिका सिंह पैंकरा ने कहा कि यह पूरे जनजाति समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण है, ओडिशा के मयूरभंज जिले में संथाल जनजाति समाज में जन्म लेकर अपनी शिक्षा पूरी करके शिक्षिका और सिंचाई विभाग में कनिष्ठ सहायक रहीं, उन्होंने 1997 में राजनीति में प्रवेश कर राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया।

युवा समाज के प्रदेश सचिव अंकित तिर्की ने स्वाधीनता संग्राम में जनजाति क्रांतिकारियों के बलिदान और योगदान का जिक्र करते हुए इसे जनजाति समाज के प्रति सम्मान बताया।

नगर अध्यक्ष कमलेश टोप्पो ने कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पद में जनजाति समाज की बेटी होने से जनजाति समाज का राष्ट्रपति भवन जाना और महामहिम राष्ट्रपति से मिलना आसान होगा।  जिला कोषाध्यक्ष देवनारायण भगत ने कहा कि भावी राष्ट्रपति के जनजाति होने से से डी-लिस्टिंग कानून जल्दी पास होगा।
 
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एनडीए सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आभार एवं धन्यवाद देते हुए सभी राजनीतिक दलों से निर्विरोध चुनाव करते हुए द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने का आह्वान किया एवं इस अवसर पर मिठाई वितरण कर खुशी मनाई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता इन्दर भगत ने किया।

इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए जनजाति गौरव समाज, सरगुजा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में श्रीराम भगत, सालेम केरकेट्टा, अभिषेक सिंह, राजा चांवर, रमेश पैंकरा, आनंद साहू, ननकू केरकेट्टा, सावन केरकेट्टा, दीपक तिर्की, अमन एक्का, विक्रम कुमार, दिलीप भगत, रामसेवक साहू, अभिमन्यु सिंह आदि उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news