सरगुजा

अंबिकापुर में मूसलाधार बारिश, डेढ़ घंटे में 44 मिमी वर्षा
25-Jun-2022 7:46 PM
अंबिकापुर में मूसलाधार बारिश, डेढ़ घंटे में 44 मिमी वर्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 जून।
अम्बिकापुर नगर में शानिवार की दोपहर मेघ गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 1 बजे से 02.30 बजे तक तेज मेघ गर्जन के साथ 44.0 मिमी की मूसलाधार वर्षा हुई है। तेज बारिश के कारण नगर के कई प्रमुख मार्गों में सडक़ किनारे जलभराव हो गया।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट से लोगों को उमस से काफी राहत मिली है, वहीं अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। बारिश होने के कारण किसान अब तेजी से खेती किसानी में जुट जाएंगे।

गौरतलब है कि सरगुजा में सामान्य तौर पर मानसून 15 जून को आ जाता है, मगर इस बार मानसून का बंगाल की खाड़ी में कमजोर सिस्टम बनने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा था और सरगुजा में मानसून का आगमन अब तक यहां नहीं हो पाया था। किसानों को कई दिनों से खेती के लिए बारिश का इंतजार था,आज सरगुजा में अच्छी बारिश हुई है उससे किसानों को काफी राहत मिली है,अब वह जोर-शोर के साथ खेती किसानी में जुट जाएंगे।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है, जिससे उत्पन्न हुई पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान से पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड से होते हुए गांगेय पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।

झारखंड से ओडिशा के उत्तरी अंदरूनी भाग में एक अन्य चक्रवाती घेरा निर्मित है। उधर उत्तरी अंडमान सागर से मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक समुद्र में चक्रवाती परिसंचरण आकार ले रहा है। अरब सागर में भी गुजरात से केरल तक तटीय द्रोणिका सक्रिय है। इन सभी मौसमी कारक गतिविधियों से मानसून को अनुकूल ऊर्जा मिलने से पूर्वी और मध्य भारत में वर्षा की मात्रा बढऩे के साथ विगत 17 जून से स्थिर मानसून को आगे बढऩे में मदद मिलेगी।

आज अम्बिकापुर नगर में इस मानसून सत्र की अच्छी वर्षा हुई है। प्रात: 08.30 बजे तक जहां 28.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई,वहीं दिन में 1 बजे से 02.30 बजे तक तेज मेघ गर्जन के साथ 44.0 मिमी की मूसलाधार वर्षा हुई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news