महासमुन्द

महासमुंद पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर मंडरा रहे खतरे को लेकर प्रदेश कार्यालय में गहन चर्चा
27-Jun-2022 3:58 PM
महासमुंद पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर मंडरा रहे खतरे को लेकर प्रदेश कार्यालय में गहन चर्चा

पार्टी का अध्यक्ष बने रहे इसकी जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश महामंत्री को

4 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पारित होने वाला है

अब तक नहीं लौटे शहर से बाहर घूमने निकले 6 पार्षद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जून।
दो भाजपाई पार्षदों के कांग्रेस प्रवेश के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं ने आनन-फ ानन में रविवार को जिले के भाजपा नेता व पार्षदों को प्रदेश कार्यालय बुलाया। प्रदेश कार्यालय में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने उनसे चर्चा की। इस बीच अगामी 4 जुलाई को होने वाले सम्मिलन के संबंध में गहन मंथन चला। शीर्ष नेताओं ने पार्टी का अध्यक्ष बने रहे इसकी जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री को सौंपी है। शहर में चर्चा है कि आज से भाजपाई अपनी साख बचाने के लिए जुटेंगे।

गौरतलब है कि महासमुंद पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है। भाजपा के जो 6 पार्षद शहर से बाहर घूमने निकले हैंं वे अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। कल शनिवार को आहुत भाजपा की बैठक में वे अनुपस्थित रहे। आगामी 4 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पारित होने वाला है। इसके लिए कलेक्टर ने पीठासीन अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। कांग्रेस के नपा उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, नेता प्रतिपक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग का कहना है कि इस बार दो तिहाई बहुमत के साथ पालिका में कांग्रेसी 4 जुलाई को नपा पहुंचेंगे और कांग्रेस का अध्यक्ष बनाएंगे।

पालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर का कहना है कि शनिवार को भाजपा के दो पार्षद कमला बरिहा व सरला गोलू मदनकार ने कांग्रेस में प्रवेश ले लिया है। अभी भाजपा के 5-6 पार्षद प्रवेश लेकर कांग्रेस के समर्थन में रहेंगे। फिलहाल कांग्रेस से अध्यक्ष पद के लिए नाम तय होना बाकी है। लेकिन नेता प्रतिपक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग व नपा उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर की दावेदार बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार राजधानी स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रविवार को सम्मिलन व पार्षदों के प्रवेश के संबंध में गहन चर्चा हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, चिकित्सा प्रकोष्ठ डॉ. विमल चोपड़ा, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, शहर मंडल अध्यक्ष सतपाल पाली, पार्षद देवीचंद्र राठी, राहुल चंद्राकर, संदीप घोष व हेमलता यादव उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news