महासमुन्द

महासमुंद नपा की तर्ज पर सरायपाली में भी हिल रही अध्यक्ष की कुर्सी
28-Jun-2022 2:59 PM
महासमुंद नपा की तर्ज पर सरायपाली में भी हिल रही अध्यक्ष की कुर्सी

15 सीट मेें 9 भाजपा के, 3 निर्दलीय, कांग्रेस के 3 पार्षद, फिर भी कांग्रेसी अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून।
महासमुंद पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर को हटाने जिस प्रकार कांग्रेसियों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया, ठीक उसी तर्ज पर सरायपाली के भाजपा पार्षदों ने भी अविश्वास प्रस्ताव की अर्जी लगाकर कांग्रेस के पालिका अध्यक्ष अमृत पटेल को हटाने का मन बना लिया है। इसके लिए सरायपाली के 9 पार्षदों ने कल शाम जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर को आवेदन सौंपा है। नगर पालिका महासमुंद के अध्यक्ष की कुर्सी के साथ सरायपाली पालिका अध्यक्ष की भी कुर्सी भी डगमगाने वाली है। कलेक्टर ने पार्षदों से बयान व हस्ताक्षर लेकर आने वाले दिनों में तारीख तय करने की बात कही है।

सरायपाली के भाजपा पार्षदों का कहना है कि पालिका अध्यक्ष अमृतलाल पटेल अपने दायित्वों का निर्देशन सही ढंग से नहीं कर रहे हैं। आम नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही है और अव्यवस्था चरम पर है। प्रतिनिधिमंडल में पालिका उपाध्यक्ष सुशीला पटेल, वार्ड 10 चंद्र गुमार पटेल, वार्ड 11 स्वर्ण सिंह सलूजा, वार्ड 15 राखी चौहान, वार्ड 6 गुंजन अग्रवाल, वार्ड 7 सीता सतपथी, वार्ड 4 लक्ष्मी चंद्रा, वार्ड 2 हेमवती यादव व वार्ड 9 हेमंत प्रधान शामिल रहे।

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय महासमुंद में पालिकाध्यक्ष को हटाने के लिए पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने ज्ञापन सौंपा और बहुमत जुटाने दो पार्षदों को प्रवेश भी करा लिया। वहीं भाजपा ने भी सरायपाली पालिका में कांग्रेस के अध्यक्ष को हटाने अविश्वास प्रस्ताव देकर तगड़ा झटका दिया है। बहरहाल सरायपाली नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अमृत पटेल हैं। लेकिन अब भाजपा के पार्षदों ने अध्यक्ष अमृत पटेल को हटाने के लिए मन बना लिया है।

सरायपाली परिषद में भाजपा का दावा है कि 15 में से 9 पार्षद पक्ष में हैं,  इनमें तीन निर्दलीय पार्षद भी शामिल हैं। गौरतलब है कि 15 सीटों वाली सरायपाली परिषद मेें 9 भाजपा के और 3 निर्दलीय पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के महज 3 ही पार्षद थे। बावजूद इसके सरायपाली नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अमृत पटेल बने थे।

अध्यक्ष बनने के लिए अमृत पटेल ने भाजपा पार्षदों को भी अपने साथ रखा था, लेकिन अब भाजपा के पार्षदों ने अध्यक्ष को हटाने के लिए मन बना लिया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news