राजनांदगांव

डोमन सिंह नांदगाव के नए कलेक्टर, मोहला में एसडीएम, एडीएम और निगम आयुक्त का प्रशासनिक अनुभव
29-Jun-2022 10:10 PM
डोमन सिंह नांदगाव के नए कलेक्टर, मोहला में एसडीएम, एडीएम और निगम  आयुक्त का प्रशासनिक अनुभव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 जून। राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल में राजनांदगांव कलेक्टर के रूप में डोमन सिंह को पदस्थ किया है। वर्ष 2009 बैच के आईएएस सिंह ने पूर्व में कई पदों पर जिले में अपनी सेवाएं दी है। प्रदेश सरकार ने सिंह को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से राजनांदगांव में भेजा है।

सिंह ने अपने प्रशासनिक सेवा में मोहला एसडीएम के तौर पर कार्य शुरू किया था। वह मूलत: बालोद जिले के निवासी है। एडीएम के तौर पर कार्य करने के चलते सिंह को जिलें की कानून और सामाजिक संरचना का खासा अनुभव है। निगम आयुक्त रहकर उन्हें शहर की भौगोलिक पृष्ठभूमि की जानकारी है। तमाम प्रशासनिक और सामाजिक जानकारी होने की वजह से सिंह को कलेक्टर के तौर पर कार्य करने में सहूलियत होगी। बताया जाता रहा है कि सिंह जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे।

खेल और बुनियादी ढांचा मजबूत करने सालभर सक्रिय रहे सिन्हा

मौजूदा कलेक्टर तारणप्रकाश सिन्हा ने सालभर के वक्त में राजनांदगांव जिले को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई, साथ ही उन्होनें समूचे जिले में बुनियादी ढांचा को मजबूती देने के लिए पूरे जोर के साथ काम किया। सिन्हा को सरकार ने जांजगीर-चांपा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है।

खेल के क्षेत्र में राजनांदगांव के युवक-युवतियों ने अपने शानदार कौशलता के दम पर जिलें की साख बढ़ाई। हाल ही में नीति आयोग ने कृषि और जल सरंक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए राजनंादगांव जिलें को देश में पहला स्थान दिया है।

वर्ष 2012 बैच के आईएएस सिन्हा ने बीते साल 7 जून को जिले की कमान संभाली थी। उन्होंने एक साल में जिले के विकास को गति देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news