दुर्ग

देश की सुरक्षा से जुड़ी अग्निपथ योजना पर राजनीति करने से बाज आए कांग्रेस-बाफना
30-Jun-2022 3:01 PM
देश की सुरक्षा से जुड़ी अग्निपथ योजना पर राजनीति करने से बाज आए कांग्रेस-बाफना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जून।
प्रदेश भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के संयोजक व पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने सेना में 4 साल के भर्ती के लिए केन्द्र सरकार द्वारा बनाए गए अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेसी विरोध को अशोभनीय बताया है।
उन्होंने कहा है कि देश की सुरक्षा से जुड़ी योजना पर हल्की व सस्ती राजनीति करने से कांग्रेस बाज आए। यह अग्निपथ योजना देश के तीनों सेनाओं द्वारा पूरा विचार-विमर्श कर बनाया गया है। जिसका अग्निवीरों को लाभ मिलेगा। कांग्रेस का इतिहास रहा है, जो भी देश की सुरक्षा व लोकतंत्र के पक्ष में रहा है, उसके खिलाफ विरोध करना। अग्निपथ योजना का प्रायोजित विरोध, तोडफ़ोड़, ट्रेनों व भाजपा कार्यालयों में आगजनी कांग्रेस की उसी देश विरोधी मंशा को प्रगट करती है। यह बातें श्री बाफना ने बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, उपाध्यक्ष संतोष सोनी, मंत्री मनोज मिश्रा, अजय तिवारी, गजेन्द्र यादव भी मौजूद थे।

चर्चा में प्रदेश भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ संयोजक लाभचंद बाफना ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत 46 हजार अग्निवीरों की भर्ती की जा रही है। जिनमें से 25 प्रतिशत अग्निवीरों की स्थाई भर्ती की जाएगी, जबकि 75 प्रतिशत अग्निवीर 4 साल बाद सेवानिवृत्त होंगे। सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों को 11 लाख 71 हजार रु. मिलेंगे। यह बड़ी राशि होती है। जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम होंगे। साथ ही सेवानिवृत्त अग्निवीरों को देश के किसी भी राज्य के शासकीय नौकरियों की भर्तियों में प्राथमिकता मिलेगा।

श्री बाफना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के युवाओं के लिए अग्निपथ के रुप में अच्छी योजना बनाई गई है।कांग्रेस बेवजह सेना की भर्ती को लेकर भ्रमजाल फैलाकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। अग्निपथ योजना का मोदी सरकार के नाम के कारण विरोध करना न्यायसंगत नहीं है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news