राजनांदगांव

लूट में नाकाम व्यापारी पर जानलेवा हमला
02-Jul-2022 1:09 PM
लूट में नाकाम व्यापारी पर जानलेवा हमला

नादगांव के रिहायशी कॉलोनी में हुई वारदात से सनसनी, पुलिस सुरक्षा पर सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जुलाई।
शहर के रिहायशी इलाके लालबाग में एक व्यापारी पर लूट की नियत से अज्ञात सशस्त्र लुटेरों ने कातिलाना हमला कर दिया। बीती शाम करीब 8.30 बजे हुए इस घटनाक्रम से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इधर अज्ञात लुटेरों के हमले से व्यापारी के रीढ़ के हड्डी में  गंभीर चोट पहुंचने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम करीब 8.30 बजे शहर के रिहायशी कॉलोनी लालबाग गली नं. 2 में अज्ञात 2-3 आरोपियों ने बिस्किट-टोस के व्यापारी पवन गणसानी पर लूट की नियत से धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि व्यापारी श्री गणसानी की स्थानीय रेल्वे स्टेशन रोड़ पर दुकान है। शुक्रवार देर शाम को व्यापारी लगभग 8.30 बजे घर लौट रहा था, तभी अज्ञात आरोपियों ने उसके हाथ में रखे बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान अज्ञात आरोपियों ने व्यापारी से लूट की नियत से बैग को पकडऩे लगे। हाथापाई के दौरान  व्यापारी द्वारा बैग नहीं छोडऩे और शोर मचाने पर अज्ञात आरोपियों ने व्यापारी पर हमला कर दिया। शोर-गुल सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर अज्ञात आरोपी वहां फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों द्वारा व्यापारी की गतिविधियों को लेकर नजर  रखते रेकी की गई थी और मौका देखकर लूट की नाकाम कोशिश की। बताया जा रहा है कि नाकाम लूट की कोशिश घटनास्थल से कुछ दूरी पर व्यापारी का मकान है। ऐसे में घर के समीप ही व्यापारी से लूट और जानलेवा हमला होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

व्यापारी की हालत नाजुक
बीती रात व्यापारी श्री गणसानी पर अज्ञात आरोपियों द्वारा लूट की नियत से हमला करने के बाद व्यापारी के रीढ़ की हड्डी में चोट लगने से उसे स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते उसे भिलाई रिफर किया गया। यहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं होने से उसे ऐयर एम्बुलेंस से दूसरे राज्य ले जाया गया है।

कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी
बीती रात शहर के रिहायशी कॉलोनी लालबाग क्षेत्र में एक व्यापारी से लूट और जानलेवा हमला होने पर चेम्बर ऑफ कामर्स ने इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रदेश मंत्री राजा माखीजा ने पुलिस से अज्ञात आरोपियों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की। इधर चेम्बर ऑफ कामर्स बीती रात हुई घटना को लेकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news